Blog

केंद्रीय जेल के किचन में कैदी ने हंसिया से रेत लिया अपना गला…हालत गंभीर, सिम्स में चल रहा उपचार,

बिलासपुर – केंद्रीय जेल में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया, जब किचन में काम कर रहे एक कैदी ने हंसिया से अपना गला रेत लिया। घटना के तुरंत बाद जेल स्टाफ ने घायल कैदी को गंभीर हालत में सिम्स अस्पताल पहुंचाया, जहां उसका इलाज जारी है। मिली जानकारी के अनुसार, घायल कैदी की पहचान विकास कश्यप के रूप में हुई है, जो हत्या के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट रहा है। वह पिछले दो वर्षों से जेल में बंद था और हाल ही में उसे जेल के किचन में भोजन बनाने का काम दिया गया था। बताया जा रहा है कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे विकास कश्यप किचन में अन्य कैदियों के साथ सब्जी काटने का काम कर रहा था। इसी दौरान उसने सब्जी काटने के लिए इस्तेमाल किए जा रहे हंसिया से अचानक अपना गला रेत लिया। खून बहते देख वहां मौजूद अन्य कैदी घबरा गए और तुरंत जेल कर्मचारियों को सूचना दी। घटना के बाद आनन-फानन में जेल अधिकारी मौके पर पहुंचे और घायल कैदी को अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों के अनुसार उसकी हालत गंभीर बनी हुई है और वह फिलहाल बोलने की स्थिति में नहीं है।
इस मामले में एक और गंभीर पहलू यह सामने आया है कि इतनी बड़ी घटना के बावजूद जेल प्रशासन द्वारा पुलिस को तत्काल सूचना नहीं दी गई। वहीं कैदी को अस्पताल भेजते समय भी उसे मेमो के बजाय सामान्य तरीके से भर्ती कराया गया, जिससे मामला संदिग्ध माना जा रहा है। फिलहाल जेल प्रशासन का कहना है कि कैदी की मानसिक स्थिति ठीक नहीं थी और इसी वजह से उसने यह कदम उठाया। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और कैदी के बयान के बाद घटना के कारणों का खुलासा होने की उम्मीद है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *