Blog

केवीके में बलराम जयंती के अवसर पर किसान दिवस सह कृषक वैज्ञानिक परिसंवाद का आयोजन….शामिल हुए कृषक और वैज्ञानिक

बिलासपुर । भगवान बलराम जयंती के अवसर पर किसान दिवस सह कृषक वैज्ञानिक परिसंवाद का आयोजन कृषि विभाग, बिलासपुर के सहयोग से कृषि विज्ञान केन्द्र, बिलासपुर में संयुक्त रूप से किया गया। जिसमें 74 कृषकों ने भाग लिया। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय किसान संघ के जिलाध्यक्ष लक्ष्मी साहू तथा कार्यक्रम की अध्यक्षता राजेन्द्र मिश्रा, जिला सचिव, भारतीय किसान संघ ने की। लक्ष्मी साहू ने अपने उद्बोधन में भगवान बलराम को कृषि के भगवान के रूप में याद करते हुए कहा कि उनके एक हाथ में हल तथा दूसरे हाथ में मूसल होता है, जो कि कृषि के कार्य में खेत जोतने एवं फसल की कुटाई करके मिंजाई करने के काम आता है।

उन्होंने आगे कहा कि भगवान बलराम ही गौ आधारित कृषि को करने के लिए प्रेरित करते हैं। अतः उनकी जयंती को किसान दिवस के रूप में हम सभी किसान भाईयों को मनाना चाहिए। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे राजेन्द्र मिश्रा ने किसान भाईयों को अपनी जमीन की उपजाऊपन को बरकरार रखने के लिए जैविक खेती को अपनाने पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपस्थित कृषि विज्ञान केन्द्र बिलासपुर के वरिष्ठ वैज्ञानिक एवं प्रमुख डॉ. गीत शर्मा ने भगवान बलराम को कृषकों का संरक्षक कहा जिन्होंने हल का उपयोग किसानों को सिखाया।

उन्होंने कृषक वैज्ञानिक परिचर्चा के दौरान उपस्थित कृषकों की विभिन्न समस्याओं का निराकरण भी किया। इस अवसर पर कार्यक्रम में उपस्थित कृषि विभाग के उपसंचालक पी.डी. हथेस्वर ने शासन की विभिन्न योजनाओं के बारे में बतलाते हुए कृषकों को जैविक एवं प्राकृतिक खेती को अपनाने पर जोर दिया, ताकि भूमि की उर्वरा क्षमता लंबे समय तक बरकरार रहे। इस अवसर पर कृषि विज्ञान केन्द्र बिलासपुर के वैज्ञानिक डॉ. शिल्पा कौशिक, हेमकांति बंजारे, डॉ. अमित शुक्ला, जयंत साहू, डॉ. एकता ताम्रकार, इंजी. पंकज मिंज, डॉ. निवेदिता पाठक, डॉ. चंचला रानी पटेल, सुशीला ओहदार तथा कृषि विभाग बिलासपुर से अनुविभागीय कृषि अधिकारी, दिव्या गौतम, विनोद साहू, वैभव चक्रदेव, अमित ठाकुर, आशीष शर्मा उपस्थित रहे। कार्यक्रम का मंच संचालन डॉ. शिल्पा कौशिक ने किया एवं आभार प्रदर्शन डॉ. अमित शुक्ला ने किया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *