Blog

मस्तूरी में करैत ने ली मासूम की जान, परिजन बोले बिजली विभाग भी दोषी

बारिश के अंधेरे में घर में घुसा ज़हरीला सांप, बहनों को डंसा एक की मौत, दूसरी अस्पताल में जिंदगी से जूझ रही

बिलासपुर।मस्तूरी थाना क्षेत्र के भाटापारा गांव में एक हृदय विदारक हादसा सामने आया है, जहां ज़मीन पर सो रही दो सगी बहनों को ज़हरीले करैत सांप ने डंस लिया। इस हादसे में 7 साल की बच्ची की मौत हो गई, जबकि 12 वर्षीय बहन की हालत बेहद नाज़ुक है। परिजन जहां सांप को दोषी मान रहे हैं, वहीं बिजली विभाग की लापरवाही पर भी सीधा सवाल उठा रहे हैं।

घटना बुधवार देर रात की है। गांव की दो बहनें प्रीति और महक सूर्यवंशी अपने घर में ज़मीन पर सो रही थीं। तभी अचानक तेज बारिश शुरू हुई और पूरे गांव की बिजली गुल हो गई। अंधेरे का फायदा उठाकर ज़हरीला करैत सांप घर के भीतर घुस आया और दोनों बहनों को डंस लिया।बिजली गुल होने के कारण परिवार को कुछ समझ ही नहीं आया। जब तक परिजन बच्चियों की हालत समझ पाते, तब तक 7 साल की प्रीति तड़पते हुए दम तोड़ चुकी थी। बड़ी बहन महक की हालत बिगड़ती देख परिजन उसे मस्तूरी अस्पताल और फिर 108 एंबुलेंस से सिम्स, बिलासपुर ले गए। फिलहाल वह शिशु वार्ड में भर्ती है और उसकी स्थिति नाज़ुक बनी हुई है।परिजनों का आरोप है कि ये हादसा सिर्फ सांप की वजह से नहीं हुआ, बल्कि बिजली विभाग की लापरवाही भी इसकी बड़ी वजह है। उनका कहना है कि गांव में हल्की बारिश होते ही बिजली बंद हो जाती है। अगर बिजली होती, तो अंधेरे में सांप घर में नहीं घुस पाता और समय रहते बच्चियों को बचाया जा सकता था।गांववालों का भी कहना है कि बिजली विभाग की लचर व्यवस्था से वे लंबे समय से परेशान हैं। मामूली बारिश में घंटों बिजली कट जाना आम बात है, जिससे आए दिन हादसे होते हैं। लेकिन विभाग कभी समय पर सुधार नहीं करता, न ही गांव में स्थायी समाधान की कोशिश की जाती है।
प्रीति की मौत के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। हर कोई इस हादसे से स्तब्ध है। पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और जांच शुरू कर दी है। परिजनों की मांग है कि बिजली विभाग की जवाबदेही भी तय हो, ताकि भविष्य में कोई और मासूम इस तरह ज़िंदगी न गंवाए।एक तरफ सांप का ज़हर और दूसरी ओर सिस्टम की सुस्ती मस्तूरी के ग्राम भाटापारा की यह घटना दोनों का त्रासद मेल बन गई।सवाल यही है कि क्या अब भी विभाग चेतेगा, या अगली बार कोई और मासूम इसकी भेंट चढ़ेगा।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *