खाद-बीज संकट में घोटालाः सहकारी समिति प्रबंधकों की मिलीभगत उजागर

सीपत में कृषि केंद्र संचालक के निजी गोदाम से 385 बोरी खाद जब्त
जिला प्रशासन की कार्रवाई शुरु
बिलासपुर।राज्यभर में गहराते खाद और बीज संकट के बीच भ्रष्टाचार और कालाबाजारी का बड़ा मामला सामने आया है। बिलासपुर जिले के सीपत क्षेत्र के ग्राम गुड़ी में साहू कृषि केंद्र संचालक पवन साहू के निजी गोदाम से 385 बोरी खाद का अवैध भंडारण पकड़ा गया। जानकारी के मुताबिक सेवा सहकारी समितियों के प्रबंधक और कृषि केंद्र संचालक खुलेआम बिचौलियों और किराना दुकानदारों को खाद सप्लाई कर रहे हैं। बाद में यही खाद दुकानदार किसानों को 3 से 4 गुना अधिक दामों पर बेचकर मुनाफा कमा रहे हैं। इस अवैध कारोबार से किसान बुरी तरह परेशान और चिंतित है।
सूचना पर तहसीलदार सोनू अग्रवाल ने अधिकारियों को सतर्क किया। मौके पर पहुंचीं सहकारी विस्तार अधिकारी मस्तूरी गोधूलि वर्मा ने छापेमारी कर कार्रवाई की। जांच में सामने आया कि ट्रक क्रमांक सीजी 15 एसी 4022 से गोदाम में कुल 560 बोरी खाद उतारा गया था। इसमें से 385 बोरी गोदाम में मिली, जबकि बाकी खाद को पिकअप वाहन क्रमांक सीजी 10 सी 9931 से दर्राभाठा निवासी घनश्याम साहू के घर भेजा जाना बताया गया। अधिकारियों ने मौके पर पंचनामा तैयार कर खाद जब्त किया और आगे की जांच शुरु कर दी है। इस कार्रवाई ने खाद बीज की कालाबाजारी में अधिकारियों और सहकारी समितियों की मिलीभगत की पोल खोल दी है। किसानों का कहना है कि प्रशासन की लापरवाही और भ्रष्टाचार के कारण उन्हें मजबूरन बाजार से महंगे दामों में खाद खरीदनी पड़ रही है।