गणेश मिनरल्स राइस मिल के गोदाम में 44438 कट्टी धान मतलब 5 करोड़ की हेराफेरी…..कलेक्टर के निर्देश पर तहसीलदार और उनकी टीम ने की छापामार कार्रवाई….मचा हड़कंप

बिलासपुर/मुंगेली।कलेक्टर कुंदन कुमार के निर्देश पर राज्य स्तर से सूचना प्राप्त होने पर सरगांव पेंड्री स्थित गणेश मिनरल्स राइस मिल पर राजस्व विभाग, खाद्य विभाग तथा सहकारिता विभाग के संयुक्त दल ने आकस्मिक निरीक्षण किया । गणेश मिनरल्स राइस मिल में भंडारण किए गए धान की मात्रा का भौतिक सत्यापन प्वाइंटर्स के द्वारा किया गया।

मिल में कर्मचारियों के द्वारा सीसीटीवी कैमरा जांच दल के पहुंचते ही बंद कर दिया गया। पूरी जांच के दौरान सीसीटीवी, रिकॉर्डिंग संबंधी कोई भी प्रमाण पेश नहीं किए जाने तथा सीसीटीवी कैमरे को चालू नहीं किए जाने के कारण सीसीटीवी डीवीआर मौके पर जब्त किया गया। मिल में मिल के मैनेजर द्वारा पेश ऑनलाइन रिपोर्ट के अनुसार मिल में कुल 241896 कट्टी धान का भंडारण होना था, संयुक्त दल द्वारा भौतिक सत्यापन पॉइंटर्स के द्वारा कराए जाने पर मिल के गोदामों में कुल 197458 कट्टी धान ही प्राप्त हुआ ।

जो कि ऑनलाइन रिपोर्ट के संधारण की मात्रा से लगभग 44438 कट्टी धान ( 17775.2 क्विंटल )की मात्रा कम प्राप्त हुई। मिल के मैनेजर तथा कर्मचारियों से पूछताछ करने पर इतनी अधिक मात्रा के धान के अंतर का कोई भी कारण किसी भी कर्मचारी या मैनेजर के द्वारा नहीं बताया गया, जिससे यह स्पष्ट होता है कि मिल के गोदाम में 44438 कट्टी धान की हेरा फेरी किए जाने की आशंका है ।

जिसकी अनुमानित कीमत लगभग
5.5 करोड़ रूपये की है। कलेक्टर के निर्देश पर गणेश मिनरल्स की सीलिंग की कार्यवाही की गई। कार्यवाही के लिए संयुक्त दल में तहसीलदार सरगांव अतुल वैष्णव, नायब तहसीलदार सरगांव लीलाधर क्षत्रिय, खाद्य निरीक्षक दीपाली सिंह, मंडी उप निरीक्षक शुभम पैकरा, पटवारी रमेश कौशिक शामिल रहे।
