एक साथ सात समन्वयकों का इस्तीफा, शिक्षा विभाग में मचा हड़कंप…
स्वास्थ्य और परिवार बना वजह, सात समन्वयकों ने दिया इस्तीफा…
एक साथ सात इस्तीफे,विभागीय व्यवस्था पर उठे सवाल….
बिलासपुर । शिक्षा विभाग उस वक्त हलचल में आ गया, जब शहरी क्षेत्र के सात संकुल समन्वयकों ने एक साथ अपने पद से हटने की पेशकश कर दी। निजी, पारिवारिक और स्वास्थ्य कारणों का हवाला देते हुए इन समन्वयकों ने समग्र शिक्षा विभाग को अपना इस्तीफा सौंपा है।एक साथ सात समन्वयकों के त्यागपत्र से विभागीय गलियारों में चर्चाएं तेज हो गई हैं। इस्तीफा देने वालों में मनोज सिंह, विकास साहू, योगेंद्र वर्मा, शेषमणी कुशवाहा, आशिष वर्मा, प्रभात कुमार मिश्रा और श्रीकांत भगत शामिल हैं। सभी ने लगभग एक जैसी वजहें बताई हैं।गिरता स्वास्थ्य, पारिवारिक जिम्मेदारियां और व्यक्तिगत परेशानियां।समन्वयकों का कहना है कि वे अब प्रशासनिक कार्यों के बजाय अपने मूल शिक्षकीय दायित्वों पर ध्यान देना चाहते हैं फिलहाल विभाग ने किसी भी इस्तीफे को स्वीकार नहीं किया है। नियमों के तहत सभी आवेदनों को होल्ड पर रखा गया है और समन्वयकों से आपसी चर्चा की जा रही है, ताकि शैक्षणिक सत्र के अहम समय में संकुल केंद्रों की व्यवस्थाएं प्रभावित न हों।विभागीय अधिकारियों का कहना है कि सभी आवेदनों की समीक्षा के बाद ही आगे का फैसला लिया जाएगा। अब सवाल यह है कि क्या विभाग इन समन्वयकों को मनाने में सफल होगा या फिर शिक्षा व्यवस्था को नए समन्वयकों की तलाश करनी पड़ेगी।