गवर्नमेंट बिलासा गर्ल्स पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 का भव्य आयोजन

बिलासपुर: गवर्नमेंट बिलासा गर्ल्स पीजी कॉलेज में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस 2026 बड़े हर्षोल्लास और भव्यता के साथ मनाया गया। प्रति वर्ष विज्ञान दिवस के उपलक्ष्य में विभिन्न प्रतियोगिताओं तथा गतिविधियों का आयोजन छात्राओं के विकास हेतु दो दिनों तक किया जाता है। इस वर्ष का विषय भारत सरकार द्वारा घोषित विषय – “विज्ञान में महिलाएं: विकसित भारत को उत्प्रेरित करना” था , जो विज्ञान के क्षेत्र में महिलाओं के योगदान और उनकी उपलब्धियों को उजागर करता है।
कार्यक्रम का उद्घाटन प्राचार्य डॉ. एस.आर. कमलेश के सान्निध्य में किया गया। प्राचार्य ने अपने उद्बोधन में छात्राओं को विज्ञान में अनुसंधान, नवाचार और वैज्ञानिक सोच को अपनाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि विज्ञान केवल ज्ञान प्राप्ति का साधन नहीं है, बल्कि यह समाज और राष्ट्र के विकास का सशक्त माध्यम है। प्राचार्य ने छात्राओं को यह संदेश दिया कि कठिन परिश्रम, समर्पण और नवीन दृष्टिकोण से कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं है।
कार्यक्रम का संचालन साइंस क्लब के तत्वावधान में हुआ, जिसमें संयोजक डॉ. अर्चना पाटले, डॉ. रश्मि पटेल, डॉ. मनीशा गुप्ता, और गार्गी शुक्ला ने सक्रिय भूमिका निभाई। उन्होंने प्रतियोगिताओं के आयोजन, प्रतिभागियों का मार्गदर्शन और कार्यक्रम की समग्र रूपरेखा सुनिश्चित की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के लिए विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया:
रंगोली प्रतियोगिता – विज्ञान और महिला वैज्ञानिकों की उपलब्धियों पर आधारित रचनात्मक प्रस्तुति।
क्विज़ प्रतियोगिता – विज्ञान एवं अनुसंधान पर आधारित ज्ञान परीक्षा।
स्लोगन प्रतियोगिता – विज्ञान और नवाचार पर प्रेरक संदेश।
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण जीजीवी केमिस्ट्री विभाग की डॉ. आरती श्रीवास्तव द्वारा दिया गया अतिथि व्याख्यान रहा। अपने व्याख्यान में उन्होंने महिला वैज्ञानिकों की उपलब्धियों और विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान पर प्रकाश डाला और छात्राओं को अनुसंधान एवं नवाचार में सक्रिय भागीदारी लेने के लिए प्रेरित किया।
प्रतियोगिताओं के निर्णायक मंडल में शामिल थे:
डॉ. अंबुज पांडे, विभागाध्यक्ष, विज्ञान विभाग (रसायन विभाग) – जिन्होंने विद्यार्थियों को विज्ञान के प्रति जागरूक और प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि जिज्ञासा, प्रयोग और अनुसंधान से सीखने का अवसर कभी न खोना चाहिए। निरंतर प्रयास और सीखने की लगन ही विद्यार्थियों को उत्कृष्टता की ओर अग्रसर करती है।
डॉ. तृप्ति टंडन, जूलॉजी विभाग
डॉ. सुषिला एक्का, भूगोल विभाग
इस अवसर पर अन्य प्रमुख प्राध्यापक उपस्थित थे: डॉ. मीना क्षेत्रपाल, डॉ. पुष्पा भंडारी, डॉ. किरण ठाकुर, डॉ. प्रकाश यादव, और डॉ. कमलेश ठक्कर, जिन्होंने कार्यक्रम में प्रतिभागियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें विज्ञान के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम के समापन पर विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए गए और सभी प्रतिभागियों को प्रमाण पत्र वितरण कर सम्मानित किया गया। इस आयोजन ने न केवल छात्राओं में विज्ञान के प्रति रुचि और जागरूकता बढ़ाई, बल्कि महिला वैज्ञानिकों की प्रेरक उपलब्धियों को भी प्रस्तुत किया।
साइंस क्लब की संयोजक डॉ. अर्चना पाटले ने कहा कि इस तरह के कार्यक्रम छात्रों में रचनात्मक सोच, वैज्ञानिक दृष्टिकोण और नेतृत्व कौशल को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आयोजन के द्वितीय दिवस २८.०२.२०२६ पर रील मेकिंग ,विज्ञान मॉडल तथा पोस्टर प्रतियोगिताएं आयोजित की जानी है।