गांजा की तस्करी में लिप्त आरक्षक हुआ गिरफ्तार, पैडलर के माध्यम से करवाता था सप्लाई
गांजा तस्करी के मामले में आरक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरक्षक उड़ीसा से गांजा मंगवा कर छत्तीसगढ़ में सप्लाई करता था। आरक्षक को जेल भेजा गया है।
एमसीबी। गांजे की तस्करी में लिप्त आरक्षक को गिरफ्तार किया गया है। आरक्षक उड़ीसा से गांजा मंगवाता था और पैडलर के माध्यम से सप्लाई करता था। पहले ड्रग पैडलर को गिरफ्तार किया गया। फिर उससे पूछताछ के बाद आरक्षक को गिरफ्तार किया गया। मामला खड़गंवा थाना क्षेत्र का है।
मिली जानकारी के अनुसार गांजा तस्करी पर लगाम कसने एसपी चंद्रमोहन सिंह ने राजपत्रित अधिकारियों और थानेदारों को कड़े निर्देश दिए है। निर्देशों के परिपालन में 28 अप्रैल को खडगंवा पुलिस ने मोबाइल की सूचना पर सुरेश कुमार नाम के व्यक्ति को दो किलो गांजा के साथ गिरफ्तार किया। पूछताछ में उसने बताया कि आठवीं बटालियन पेंड्री राजनांदगांव में पदस्थ आरक्षक बुंदेलाल के लिए वह काम करता है। बुंदेलाल ही उसे गांजा उपलब्ध करवाता है और उसी के बताए पर पर वह गांजा छोड़ता है। जिसके एवज में एक ट्रिप के उसे मात्र एक हजार रुपए आरक्षक प्रदान करता है।
जानकारी मिलने पर पुलिस अधीक्षक चंद्रमोहन सिंह ने सूक्ष्मता से जांच के निर्देश दिए। जांच के दौरान पता चला कि सीएएफ आरक्षक बुंदेलाल का गृहग्राम खडगंवा थाना क्षेत्र के कौरीमार ही हैं। जांच में जानकारी मिली कि बुंदेलाल का पकड़े गए आरोपी सुरेश कुमार से लगातार बातचीत थी। फोन पे आदि पर लेनदेन के ट्रांजेक्शन भी मिले। अन्य सबूतों के पाए जाने पर आरक्षक को राजनांदगांव से हिरासत में दिया गया।
थाना लाकर पूछताछ करने पर आरक्षक पहले तो मुकरता रहा पर सख्ती से पूछताछ में उसने अपना जुर्म कबूल कर लिया। आरक्षक ने बताया कि वह उड़ीसा से गांजा लाकर ग्राहकों को सप्लाई करने के लिए भेजता था। आरक्षक के गांजा तस्करी में लिप्त होने की जानकारी मिलने पर उसे गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड में भेजा गया है।