दीवार मे घिरा रास्ता इंसाफ की आस मे खड़े किसान
बिलासपुर।उसलापुर स्थित गीता पैलेस क्षेत्र के शक्ति खार में भू-माफियाओं पर किसानों की जमीन और वर्षों पुराने आम रास्ते पर कब्जे का आरोप सामने आया है। किसानों का कहना है कि अमेरी गीता पैलेस क्षेत्र में उनकी पुरखौती जमीन के बीच से गुजरने वाला धरसा रास्ता शासकीय रिकॉर्ड में दर्ज है बावजूद इसके पैसों और रुतबे के दम पर उसे बंद किया जा रहा है। पीड़ित किसान सतीश कुमार टंडन ने बताया कि उनके सहित पांच किसानों की जमीन तक पहुंच का यही एकमात्र मार्ग था। जिसका वर्षों से उपयोग होता रहा है। आरोप है कि हाल ही में कुछ लोगों ने बाहुबल का प्रयोग कर जमीन के सामने बाउंड्रीवाल खड़ी कर दी जिससे आम रास्ता बंद होकर संकरी गली में तब्दील हो गया और खेतों तक पहुंचना मुश्किल हो गया है। किसानों ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि इस पूरे मामले में राजस्व विभाग के कुछ कर्मचारियों की मिलीभगत भी सामने आ रही है। पीड़ितों ने प्रशासन से मांग की है कि संबंधित जमीन के राजस्व अभिलेखों की निष्पक्ष जांच कर वर्षों पुराने आम रास्ते को बहाल कराया जाए ताकि उन्हें न्याय मिल सके।