Blog

ग्रामीणों से अवैध कनेक्शन के नाम से धमका कर रिश्वत मांगने वाले बिजली विभाग के इंजीनियर को किया गया निलंबित

अवैध बिजली कनेक्शन लगाने के नाम से धमका कर ग्रामीण से रूपए की मांग करने वाले बिजली विभाग सीएसपीडीसीएल के लोरमी में पदस्थ जूनियर इंजीनियर कृष्ण कुमार गुप्ता को विभाग ने निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उन्हें जीपीएम जिले में अटैच किया गया है।

बिलासपुर। रिश्वत लेने वाले इंजीनियर को बिजली विभाग ने निलंबित किया है। जूनियर इंजीनियर के द्वारा ग्रामीण से अवैध बिजली कनेक्शन लगाने के नाम से धमका कर 50 हजार रुपए रिश्वत मांगी थी। रिश्वत लेते हुए जूनियर इंजीनियर कृष्ण कुमार गुप्ता को एसीबी की टीम ने रंगे हाथों गिरफ्तार किया था। अब बिजली विभाग सीएसपीड़ीसीएल ने अपने जूनियर इंजीनियर कृष्ण कुमार गुप्ता को निलंबित कर दिया है।

मुंगेली जिले के लोरमी ब्लॉक के ग्राम पाली निवासी नंद कुमार साहू ने अपने घर में बिजली कनेक्शन लगाने के लिए सीएसपीडीसीएल कार्यालय लोरमी में आवेदन दिया था। 11 जून को उसके घर में बिजली विभाग के जूनियर इंजीनियर कृष्ण कुमार गुप्ता पहुंचे और अवैध रूप से बिजली का इस्तेमाल करने की बात कह सप्लाई तार काट दिया। इसके साथ ही बिजली चोरी का केस बनाने के नाम से धमकाया। फिर बचने के लिए 50 हजार रुपए मांगे। बातचीत के बाद 15 हजार रुपए में सौदा तय हुआ।

पर प्रार्थी रिश्वत देना नहीं चाहता था। इसलिए उसने एंटी करप्शन ब्यूरो बिलासपुर इकाई में इसकी शिकायत कर दी। एसीबी ने शिकायत का सत्यापन करवाया और शिकायत सही पाए जाने पर ट्रैप का आयोजन कर प्रार्थी नन्द कुमार साहू को 15 हजार रुपए देकर भेजा। प्रार्थी जब इंजीनियर के पास पहुंचा तो इंजीनियर ने रुपए खुद अपने हाथ में न लेकर अपने कार के डैशबोर्ड के नीचे के खंड में रखवाया। जिसके बाद आसपास मौजूद एसीबी की टीम ने उसे गिरफ्तार कर लिया।

सीएसपीडीसीएल के जूनियर इंजीनियर कृष्ण कुमार गुप्ता को पकड़ते ही आसपास लोगों की भीड़ इकट्ठा हो गई थी। उनके कार से रिश्वत की रकम जप्त कर उनके विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 की धारा 7 के तहत कार्यवाही की गई।

अब बिजली विभाग सीएसपीडीसीएल ने भी कार्यवाही करते हुए ग्रामीण से रिश्वत मांगने वाले भ्रष्ट जूनियर इंजीनियर को निलंबित कर दिया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय गौरेला पेंड्रा मरवाही जिला तय किया गया है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *