Blog

ग्रामीण क्षेत्रों में फिर सक्रिय बकरा-बकरी चोर गिरोह

एक और किसान बना शिकार.. कोठा से 20 बकरा-बकरी पार

बिलासपुर । जिले के ग्रामीण इलाकों में बकरा-बकरी चोरी करने वाले गिरोह एक बार फिर सक्रिय हो गए हैं। ताजा मामला चकरभाठा थाना क्षेत्र के ग्राम सारधा से सामने आया है, जहां एक किसान को चोरों ने निशाना बनाते हुए बड़ी वारदात को अंजाम दिया। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी देवारी लाल यादव 31 वर्ष निवासी ग्राम सारधा, जो पिछले दो वर्षों से बकरी पालन का कार्य कर रहे हैं, उन्होंने पुलिस में शिकायत दर्ज करा बताया कि 16 मार्च की रात को वे रोजाना की तरह अपने बकरा-बकरियों को चराकर कोठा (बाड़े) में बंद कर घर सोने चले गए थे। रात करीब 9 बजे उन्होंने कोठा का दरवाजा अच्छी तरह बंद कर दिया था। लेकिन 17 मार्च की सुबह करीब 5 बजे जब वे उठकर कोठा पहुंचे, तो नजारा देखकर उनके होश उड़ गए।

कोठा की दीवार में बड़ा छेद कर अज्ञात चोर अंदर घुस चुके थे और वहां रखे 07 बकरे, 07 बकरियां और 06 गर्भवती बकरियां समेत कुल 20 पशु चोरी कर ले गए। चोरी गए पशुओं की कुल कीमत लगभग 42 हजार रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना पर चकरभाठा पुलिस ने अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 305 (ए) और 331(4) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लोगों का कहना है कि क्षेत्र में सक्रिय चोर गिरोह पशुपालकों को निशाना बना रहे हैं, जिससे उनकी आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है। ग्रामीणों ने पुलिस से रात्रि गश्त बढ़ाने और जल्द आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *