नशीली दवाएं खपाने वाली महिला गिरफ्तार,कार जब्त
सिविल लाइन पुलिस ने आरोपी महिला को भेजा जेल
बिलासपुर। नशीली दवाएं और इंजेक्शन बेचने वाली महिला को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में पता चला है कि नशे की सामग्री बेचकर कार भी खरीद ली है और कार से इंजेक्शन, टेबलेट व अन्य सामान सप्लाई करती है। सिविल लाइन पुलिस ने महिला के कब्जे से कार जब्त की है।
सिविल लाइन सीएसपी निमितेश सिंह ने बताया कि नशे के व्यापार में शामिल आरोपियों के खिलाफ इण्ड टु इण्ड विवेचना दौरान फायनेन्सियल इन्वेस्टीगेशन कर नशे के कारोबार से अर्जित की गई संपत्ति की जानकारी एकत्रित कर की जा रही है। इसी कड़ी में अपराध क्रमांक 1004/2024 धारा 21, 22, 29 एनडीपीएस एक्ट का आरोपी सृष्टि कुर्रे (26) घुरू अमेरी सकरी थाना निवासी नशीली दवाई इंजेक्शन को विक्रान्त सरकार, बुगाला, काजल कुर्रे व पल्लवी जांगडे से खरीदकर अवैध रूप से बिक्री करने की बात स्वीकार की थी। इससे अर्जित संपत्ति से उसने कार खरीदी है। साथ ही वह कार से नशीली दवाई इंजेक्शन का सप्लाई कर रही थी। एसपी रजनेश सिंह के द्वारा नशे के सरगना को पकड़ने के लिए निर्देशित किया गया। रविवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी काजल कुर्रे घुरू अमेरी में है। सूचना पर पुलिस की टीम ने घेराबंदी कर काजल को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से कार जब्त की गई है।