घरघोड़ा में युवक की संदिग्ध मौत, गला कटा मिला शव
SDOP के नेतृत्व में जांच, फोरेंसिक टीम ने भी किया मुआयना
बिलासपुर।घरघोड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत वार्ड क्रमांक 08 में रहने वाले 20 वर्षीय युवक अभिषेक विश्वकर्मा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हुई। घटना बीती रात करीब 10 बजे की बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार अभिषेक ने कथित तौर पर खुद ही नारियल छीलने वाले बड़े धारदार चाकू से अपना गला काट लिया। सूचना मिलते ही इलाके में सनसनी फैल गई। जब परिजन कमरे में पहुंचे तो पूरा फर्श खून से लथपथ था, जिससे घटना की गंभीरता का अंदाजा लगाया जा सकता है। मौके से धारदार हथियार बरामद किया गया है, वहीं मृतक का मोबाइल फोन भी क्षतिग्रस्त अवस्था में मिला है।घटना की सूचना पर धरमजयगढ़ एसडीओपी सिद्धान्त तिवारी दलबल के साथ मौके पर पहुंचे और घरघोड़ा थाना पुलिस के साथ जांच शुरू कराई। प्रारंभिक तौर पर मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। साक्ष्यों को सुरक्षित करने के लिए रायगढ़ से फोरेंसिक टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और बारीकी से जांच की। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों की स्पष्ट पुष्टि हो सकेगी। मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।