घासीपुर में तेज रफ्तार का कहर, 25 वर्षीय युवक की मौके पर मौत,,इलाज कर लौटते समय हादसा, रतनपुर पुलिस जांच में जुटी

रतनपुर से वासित अली की रिपोर्ट
छत्तीसगढ़ के घासीपुर के पास तेज रफ्तार वाहन ने एक युवक की जान ले ली। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद इलाके में शोक का माहौल है।
मृतक की पहचान 25 वर्षीय संजय कुमार के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह रतनपुर स्थित अग्रवाल क्लॉथ स्टोर में कंप्यूटर ऑपरेटर के रूप में काम करता था और पिछले दो दिनों से तबीयत खराब होने के कारण काम पर नहीं जा रहा था।

जानकारी के मुताबिक संजय इलाज कराने रतनपुर आया था और वापस लौटते समय घासीपुर के पास तेज रफ्तार वाहन ने उसे टक्कर मार दी। टक्कर की तीव्रता इतनी ज्यादा थी कि उसे संभलने का मौका तक नहीं मिला और घटनास्थल पर ही उसकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही रतनपुर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू की। पुलिस अब वाहन और चालक की पहचान के साथ हादसे के कारणों की जांच कर रही है।