चावल लेने सोसायटी जा रहे चाची-भतीजे को हाइवा ने रौंदा
सीपत थाना क्षेत्र की घटना, जांच में जुटी पुलिस
बिलासपुर। चावल लेने के लिए सरकारी दुकान जा रहे बाइक सवार चाची व भतीजे को तेज रफ्तार हाइवा ने ठोकर मार दिया। हादसा से चाची व भतीजे की घटना स्थल पर ही मौत हो गई। सूचना पर सीपत पुलिस की टीम जांच करने घटना स्थल पहुंची। पुलिस ने हाइवा को जब्त कर लिया है। पीएम करने के बाद शव को परिजन को सौंप दिया है।
सीपत थाना प्रभारी गोपाल सथपती ने बताया कि ग्राम खैरा डगनिया निवासी रजनी केंवट पति लवकुमार (30) मजदूरी करती थी। मंगलवार को रजनी अपने भतीजे लगरा निवासी नरोत्तम केंवट पिता राजकुमार (19) के साथ बाइक से चावल लेने के लिए शासकीय राशन दुकान जा रहे थे। नरोत्तम बाइक चला रहा था और रजनी पीछे बैठी थी। दोनों ग्राम सेलर एनिकट मोड के पास पहुंचे थे। इसी दौरान बेलतरा की ओर से आ रही तेज रफ्तार हाइवा चालक ने बाइक सवार नरोत्तम व रजनी को ठोकर मार दिया। जिससे दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।