Blog

चैत्र नवरात्रि से पहले रतनपुर के महामाया मंदिर में तैयारी तेज

सुरक्षा पार्किंग और श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए प्रशासन अलर्ट

बिलासपुर। चैत्र नवरात्रि पर्व को लेकर मां महामाया मंदिर में तैयारियां तेज हो गई हैं। प्रशासन और मंदिर ट्रस्ट ने संयुक्त बैठक कर सभी व्यवस्थाओं को अंतिम रूप दे दिया है। इस बार श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए खास इंतजाम किए गए हैं।

दरअसल रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर में आयोजित बैठक में पुलिस, स्वास्थ्य, बिजली, नगर पालिका समेत कई विभागों को अलग-अलग जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं। हर विभाग को अपने स्तर पर तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं ताकि नवरात्रि के दौरान किसी तरह की अव्यवस्था न हो।हर साल पार्किंग की समस्या को देखते हुए इस बार करीब 20 एकड़ में विशाल पार्किंग की व्यवस्था की गई है। पार्किंग स्थल पर समतलीकरण और लाइटिंग की सुविधा दी गई है, वहीं प्रवेश और निकासी मार्ग को अलग-अलग रखा गया है ताकि ट्रैफिक सुचारू बना रहे।श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर परिसर में 24 घंटे चिकित्सा सुविधा, एंबुलेंस, बिजली और पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। गर्मी को देखते हुए पंखे और पानी की पर्याप्त व्यवस्था करने के निर्देश भी दिए गए हैं।सुरक्षा के लिहाज से पुलिस बल, कार्यपालिक दंडाधिकारी और सीसीटीवी कैमरों के जरिए 24 घंटे निगरानी रखी जाएगी। वहीं सप्तमी के दिन पूरी रात मंदिर का पट खुला रहेगा और पैदल यात्रियों को वापस लाने के लिए 20 बसों की व्यवस्था की गई है।
भंडारे के लिए गैस की कमी को देखते हुए प्रशासन ने मंदिर ट्रस्ट को 30 सिलेंडर उपलब्ध कराने का आश्वासन दिया है।

वर्जन
इस बार नवरात्रि में सुरक्षा और व्यवस्थाओं को लेकर विशेष प्लानिंग की गई है, ताकि श्रद्धालुओं को किसी तरह की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मधुलिका सिंह
एएसपी ग्रामीण बिलासपुर

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *