चोरी के बाद जेवर को जमीन में गड़ाया, मशीन से खाेजकर पुलिस ने निकाला, 50 लाख की संपत्ति जब्त

चोरों ने चोरी के पश्चात कुछ सामान नागपुर के व्यापारी को बेच दिया। बचा हुआ सामान पुलिस से बचने गढ्ढा खोद के दफना दिया। पुलिस ने सीसीटीवी की मदद से आरोपियों को गिरफ्तार किया। माल बरामद करने के लिए ई– साक्ष्य का भी इस्तेमाल किया। पुलिस ने चोरी हुआ 332 ग्राम सोना,तीन किलो 300 ग्राम चांदी जप्त किया है।
दुर्ग। कोतवाली थाना क्षेत्र के महावीर कॉलोनी में हुई बड़ी चोरी का पुलिस ने पर्दाफाश कर दिया है। अंतरराज्यीय चोर गिरोह के कब्जे से चोरी गए करीब 50 लाख रुपये के जेवर और अन्य सामान को पुलिस ने जब्त कर लिया है। इसमें 332 ग्राम सोना, तीन किलो 300 ग्राम चांदी, 9.76 लाख रुपये नगद और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल शामिल है।

महावीर कॉलोनी में रहने वाले आशीष कुमार जैन के मकान में हुई चोरी की शिकायत उनके चाचा सचिन कुमार जैन ने की है। पीड़ित ने बताया कि उनका भतीजा परिवार के साथ बाहर गया था। 24 जून की रात आशीष के पड़ोसी ने मोबाइल पर कॉल कर बताया कि उनके मकान का दरवाजा खुला है। तब उन्होंने अपने चाचा सचिन को कॉल कर इसकी जानकारी दी। सचिन जब मकान में पहुंचे तो कमरे में सामान बिखरा हुआ था। उन्होंने पुलिस को बताया कि मकान से चांदी की सिल्ली और सोने-चांदी के जेवर गायब हैं। शिकायत पर पुलिस ने जुर्म दर्ज कर मामले की जांच शुरू की। पुलिस टीम ने घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले, जिसमें दो संदिग्ध युवक स्प्लेंडर बाइक से घूमते दिखाई दिए। जांच में उनकी पहचान रंजीत डहरे और रोशन मारकंडे के रूप में हुई। सायबर सेल की मदद से दोनों का लोकेशन ग्राम केकराजबोड़, जिला खैरागढ़ में मिला। पुलिस की टीम ने उनके ठिकाने पर दबिश देकर दोनों को गिरफ्तार किया। पूछताछ में उन्होंने चोरी के जेवर को नागपुर निवासी आकाश सोनी को बेचा है। बाकी सामान को योगेश्वरी उर्फ जुगरी मारकंडे और रविशंकर बंजारे के पास छिपाकर रखा गया। योगेश्वरी ने कुछ आभूषण व नगदी पुलिस से बचाने जमीन में गाड़ दिए थे, जिसे डीएसएमडी तकनीक की मदद से बरामद किया गया। इस दौरान ई-साक्ष्य का भी उपयोग किया गया। कार्रवाई के दौरान आरोपियों से 332 ग्राम सोना, तीन किलो 300 ग्राम चांदी और नौ 76 हजार जब्त किया गया। इसकी कीमत करीब 50 लाख रुपये बताई जा रही है।
पुलिस ने इस मामले में पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया है जिनमें रंजीत डहरे (30), रोशन मारकंडे (23), योगेश्वरी उर्फ जुगरी (32), रविशंकर बंजारे (32) और आकाश सोनी (28) शामिल हैं। आरोपियों के खिलाफ पूर्व में भी आपराधिक रिकार्ड रहा है। इस कार्रवाई में थाना दुर्ग की टीम व एसीसीयू की भूमिका सराहनीय रही। पुलिस मामले की आगे की विवेचना कर रही है।