Blog

एसएसपी बोले,जो सड़क को मौत का मैदान बनाएगा,उसके लिए अब सीधे जेल का दरवाजा खुलेगा

नशे में ड्राइविंग करने वालों पर 10000 जुर्माना

बिलासपुर । एसएसपी रजनेश सिंह ने जिले की जनता से सड़क सुरक्षा को लेकर अब तक का सबसे सख्त बयान जारी किया है। उन्होंने दो टूक कहा कि नशे में ड्राइविंग हो, बिना हेलमेट बाइक दौड़ाना हो या लापरवाही से वाहन चलाना अब किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
एसएसपी ने चेतावनी देते हुए कहा, जो सड़क को मौत का मैदान बनाएगा, उसके लिए अब सीधे जेल का दरवाजा खुलेगा। पुलिस कानून भी चलाएगी और इंसानियत भी। लेकिन लापरवाही को किसी भी हालत में नहीं छोड़ा जाएगा। एसएसपी रजनेश सिंह ने बताया कि पिछले वर्ष की तुलना में इस बार सड़क दुर्घटनाओं में लगभग 20 से 22 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है और मौतों की संख्या भी घटी है।
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह पर्याप्त नहीं है। उनका कहना है कि जब तक बिलासपुर पूरी तरह सुरक्षित वाहन चालन का जिला नहीं बन जाता, तब तक पुलिस की कार्रवाई और अधिक सख्त होती जाएगी।उन्होंने यह भी बताया कि सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए सीएसआर मद से करीब सात हजार हेलमेट आम नागरिकों में बांटे गए हैं, जिससे दुर्घटना वाले क्षेत्रों में जागरूकता और सुरक्षा दोनों बढ़ाई जा सकें।

नशे में ड्राइविंग पर अब जुर्माना नहीं बल्कि सीधे जेल होगी

एसएसपी ने नशे में वाहन चलाने वालों के प्रति सबसे कठोर रुख अपनाया है। उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वाले न सिर्फ अपनी, बल्कि सड़क पर चल रहे बिल्कुल निर्दोष लोगों की जिंदगी को खतरे में डाल देते हैं। इस वजह से ऐसे लोगों को अब सिर्फ जुर्माना नहीं, बल्कि जेल की सजा भी मिलेगी। उन्होंने जानकारी दी कि अब तक 86 लोगों को शराब पीकर गाड़ी चलाते पकड़ा गया है। इन सभी पर 10000 का जुर्माना लगाया गया और सभी को जेल भी भेजा गया है। कप्तान ने यह भी कहा कि यह कोई एक-दो दिन का अभियान नहीं है, बल्कि लगातार चलेगा। गुंडे-बदमाश, आवारा रेसर और स्टंट करने वालों को भी किसी प्रकार की राहत नहीं दी जाएगी।

हेलमेट न पहनने वालों पर भी लगातार कार्रवाई

एसएसपी ने बिना हेलमेट वाहन चलाने वालों को भी सख्त चेतावनी दी है। उन्होंने बताया कि पिछले पांच दिनों में 550 से अधिक चालान बिना हेलमेट के वाहन चलाने पर किए जा चुके हैं। एडिशनल एसपी और डीएसपी ट्रैफिक को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि यह कार्रवाई उसी सख्ती से जारी रहेगी, जब तक लोग हेलमेट को आदत नहीं बना लेते। एसएसपी ने कहा कि हेलमेट जीवन रक्षक है और इसका प्रयोग अनिवार्य रूप से हर नागरिक को करना ही चाहिए। उन्होंने यह भी कहा कि हर परिवार की सुरक्षा इसी में है कि वाहन चालक अपने घर से निकलते समय हेलमेट पहनना न भूलें।

युवाओं के नाम एसएसपी की अपील

जिले के एसएसपी रजनेश सिंह ने युवाओं और बच्चों से भावुक अपील करते हुए कहा कि नशे से दूर रहें और शराब पीकर वाहन चलाना किसी भी हालत में न करें। उन्होंने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं के कारण कई परिवार बुरी तरह टूट जाते हैं और घर का कमाने वाला घायल होकर या असमय मृत्यु का शिकार होकर अपने ही परिवार के लिए सजा बन जाता है।
उन्होंने कहा कि सड़क पर जान से कीमती कुछ नहीं है। इसलिए हर नागरिक को सावधानी बरतनी चाहिए और अपने साथ-साथ दूसरे लोगों की भी सुरक्षा का ध्यान रखना चाहिए

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *