छत्तीसगढ़ में 42 वर्षों से निकल रही रामनवमी शोभा यात्रा, इस वर्ष भी भव्य आयोजन की तैयारी

बिलासपुर। छत्तीसगढ़ में पिछले 42 वर्षों से रामनवमी के पावन अवसर पर शिव सेना द्वारा भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाता रहा है। यह परंपरा प्रदेश में धार्मिक आस्था और सामाजिक एकता का प्रतीक बन चुकी है। इसी क्रम में इस वर्ष भी राजधानी रायपुर में दिनांक 28 मार्च को शिव सेना के प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार के नेतृत्व में भव्य एवं आकर्षक रामनवमी शोभा यात्रा निकाली जाएगी। इस आयोजन को लेकर शिव सेना पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं में उत्साह का माहौल है तथा तैयारियां जोर-शोर से की जा रही हैं।
वहीं, बिलासपुर में भी पिछले 41 वर्षों से रामनवमी शोभा यात्रा निरंतर निकाली जा रही है, जो शहर की प्रमुख धार्मिक परंपराओं में से एक मानी जाती है। इस वर्ष भी दिनांक 6 अप्रैल को बिलासपुर एवं मस्तूरी में भव्य शोभा यात्रा का आयोजन किया जाएगा। शोभा यात्रा में आकर्षक झांकियां, धार्मिक ध्वज, भजन-कीर्तन और पारंपरिक वेशभूषा में शामिल श्रद्धालु विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे।
शिव सेना के प्रदेश सचिव संतोष कौशल, प्रदेश उपाध्यक्ष धनंजय सिंह चौहान एवं जिला अध्यक्ष मुकेश देवांगन के नेतृत्व में बिलासपुर में इस आयोजन की तैयारियां की जा रही हैं। पदाधिकारियों द्वारा लगातार बैठकें आयोजित कर व्यवस्थाओं की समीक्षा की जा रही है, ताकि शोभा यात्रा शांतिपूर्ण और भव्य तरीके से संपन्न हो सके।
प्रदेश सचिव संतोष कौशल ने कहा कि रामनवमी शोभा यात्रा केवल एक धार्मिक कार्यक्रम नहीं, बल्कि हिंदू समाज की आस्था और एकजुटता का प्रतीक है। उन्होंने सभी हिंदू माता-बहनों, युवाओं और नागरिकों से अपील की है कि वे अधिकाधिक संख्या में उपस्थित होकर इस धार्मिक आयोजन को सफल बनाएं और समाज में भाईचारे तथा सद्भाव का संदेश दें।
जिला अध्यक्ष मुकेश देवांगन ने कहा कि जब रामनवमी शोभा यात्रा के बारे में बहुत कम लोग जानते थे, उस समय से ही प्रदेश प्रमुख धनंजय सिंह परिहार द्वारा इस परंपरा को आगे बढ़ाने का कार्य किया गया। उनके प्रयासों से आज यह शोभा यात्रा प्रदेश में एक बड़े धार्मिक आयोजन के रूप में स्थापित हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष भी रायपुर शहर के फूल चौक स्थित नवीन बाजार से शोभा यात्रा प्रारंभ होगी, जो शहर के प्रमुख मार्गों से होते हुए निर्धारित स्थल तक पहुंचेगी। आयोजन समिति द्वारा सुरक्षा, यातायात व्यवस्था, पेयजल और चिकित्सा सुविधाओं सहित सभी आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जा रही हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।