खंजर लेकर घूम रहा था निगरानी बदमाश, भेजा गया जेल

–निगरानी बदमाश खंजर ले कर घूम रहा था। किसी वारदात को अंजाम देने से पहले पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है।
बिलासपुर। कोनी क्षेत्र का निगरानी बदमाश धारदार हथियार लेकर घूम रहा था। इसकी सूचना पर पुलिस की टीम ने बिरकोना शराब दुकान के पास घेराबंदी कर आरोपित युवक को दबोच लिया। युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। मामला कोनी थाना क्षेत्र का है।
सीएसपी गगन कुमार ने बताया कि एसएसपी रजनेश सिंह के निर्देश पर क्षेत्र में सक्रिय बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। इसी कड़ी में सूचना मिली कि निरतू निवासी निगरानी बदमाश संजय ध्रुव(30) धारदार हथियार लेकर घूम रहा है। इस पर पुलिस ने बिरकोना शराब दुकान के पास घेराबंदी की। तलाशी में युवक के पास धारदार खंजर मिला। हथियार जब्त कर आरोपित युवक को थाने लाया गया। यहां पर युवक के खिलाफ आर्म्स एक्ट के तहत कार्रवाई की गई। युवक को न्यायालय के आदेश पर जेल भेजा गया है।
चार युवकों पर की गई प्रतिबंधात्मक कार्रवाई:–
कोनी पुलिस की ओर से बदमाशों की पहचान कर कार्रवाई की जा रही है। पुलिस की टीम ने रविवार को घेराबंदी कर क्षेत्र में सक्रिय सेंदरी निवासी सिद्धांत खरे(22) और दीपक पात्रे(48) को पकड़कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। इसी कड़ी में छोटी कोनी निवासी रवि कौशिक(26) और बड़ी कोनी निवासी गोलू मोची(30) को पकड़कर प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई। पकड़े गए बदमाश क्षेत्र में सक्रिय रहकर आए दिन गुंडागर्दी करते थे। युवकों को न्यायालय में पेश किया गया है।