जन्मदिन मनाने वाले युवकों का ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने आरटीओ को लिखा पत्र

सकरी पुलिस बोली,आरटीओ को ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने लिखा गया पत्र
बिलासपुर। सकरी बाइपास पर सड़क के बीचों-बीच महंगी कार खड़ी कर केक काटकर बर्थडे सेलिब्रेशन करना 12 युवकों को महंगा पड़ गया। पुलिस ने नगर पालिका उपाध्यक्ष के बेटे सहित सभी 12 युवकों को गिरफ्तार कर तीन लग्जरी कार जब्त की हैं। इसके साथ ही मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं में कार्रवाई करते हुए युवकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने जिला परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है।
दरअसल तखतपुर नगर पालिका के पूर्व अध्यक्ष अजय देवांगन और वर्तमान उपाध्यक्ष गौरी देवांगन का पुत्र सुजल देवांगन अपने दोस्तों के साथ सकरी के पेंड्रीडीह बाइपास आरओबी पहुंचा था। वहां सभी ने कार को सड़क के बीच में खड़ा कर सुजल का जन्मदिन मनाना शुरू कर दिया। इसी दौरान गश्त पर निकले सकरी थाना प्रभारी विजय चौधरी और टीम मौके पर पहुंची। पूछताछ में युवकों के पास वाहन खड़ा करने और सड़क रोकने का कोई उचित कारण नहीं मिला, जिसके बाद सभी को थाने लाया गया।
पुलिस ने तीन महंगी कारों को जब्त करने के साथ सभी युवकों के खिलाफ मोटर व्हीकल एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की। सभी को न्यायालय में पेश किया गया है। इसके अलावा युवकों के ड्राइविंग लाइसेंस निरस्त करने के लिए परिवहन विभाग को पत्र भेजा गया है।
वर्जन
पकड़े गए युवकों के ड्राइविंग लाइसेंस को निरस्त करने आरटीओ भेजकर पत्र लिखा गया है।
विजय चौधरी
टीआई सकरी थाना