Blog

जमीन विवाद को लेकर खूनी संघर्ष

तीन के खिलाफ मामला दर्ज

बिलासपुर – जिले के मस्तूरी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम देवगांव में मंगलवार सुबह जमीन विवाद को लेकर हिंसक झड़प हो गई। इस घटना में दो लोग घायल हो गए, जिनका उपचार कराया जा रहा है। पुलिस ने मामले में तीन आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, प्रार्थी राजू बंजारे, जो गांव में आलू-प्याज बेचकर जीवन यापन करता है, सुबह करीब 7 बजे अपनी बेजाकब्जा जमीन पर घुरुवा के पास मकान बनाने के लिए नींव खोद रहा था।इसी दौरान गांव के ही चंद्रकुमार बंजारे, प्रदीप बंजारे और आशीष बंजारे मौके पर पहुंचे और जमीन को अपनी बताते हुए निर्माण कार्य का विरोध करने लगे। देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। आरोप है कि चंद्रकुमार बंजारे ने लोहे की रॉड से हमला कर दिया, जिससे राजू बंजारे के माथे और दाहिने हाथ में गंभीर चोट आई।
बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बड़े भाई प्रेमलाल बंजारे पर भी आरोपियों ने रॉड और हाथ-मुक्कों से हमला कर दिया, जिससे उनके बाएं हाथ में चोट लगी। घटना के दौरान मौके पर मौजूद अन्य ने किसी तरह बीच-बचाव कर मामला शांत कराया। मस्तूरी पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे प्रकरण की जांच जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *