Blog

जमीन विवाद में हिंसक झड़प,विरोध करने पर परिवार सहित मारपीट

मस्तूरी थाना में एफआईआर दर्ज

बिलासपुर । मस्तूरी थाना क्षेत्र के ग्राम गतौरा में जमीन विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। अपनी जमीन देखने पहुंचे एक व्यक्ति और उसके परिवार के साथ कथित रूप से मारपीट की घटना सामने आई है। पीड़ित ने आरोपियों के खिलाफ पुलिस में शिकायत दर्ज कराते हुए कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मिली जानकारी के अनुसार, 24 फरवरी 2026 की सुबह करीब 11 बजे ग्राम गतौरा निवासी आशु कारवानी अपने परिजनों के साथ जनकपहरी क्षेत्र स्थित अपनी जमीन देखने पहुंचे थे। वहां पहले से मौजूद बोधीराम राठौर अपने साथियों के साथ जमीन को दीवार से घेरने का काम कर रहा था। जब आशु कारवानी ने इसका विरोध करते हुए जमीन अपनी होने की बात कही, तो विवाद शुरू हो गया।
आरोप है कि बोधीराम राठौर ने अपने बेटे और नाती को मौके पर बुला लिया और जमीन पर कब्जा करने की बात कहते हुए कथित रूप से अश्लील गाली-गलौज की तथा जान से मारने की धमकी दी। विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने हाथ-मुक्कों से मारपीट की, जिससे आशु कारवानी के चेहरे, सीने और बाएं घुटने के पास चोटें आईं। बताया जा रहा है कि बीच-बचाव करने पहुंची पीड़ित की सास के साथ भी मारपीट की गई, जिससे उनकी कमर में चोट आई है। घटना के दौरान परिजन सहित आसपास के कई लोगों ने पूरे घटनाक्रम को देखा और सुना। साथ ही किसी ने इस घटना का वीडियो बना लिया जो सोशल मीडिया में वायरल हो रहा हैं। पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आरोपियों के खिलाफ नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *