Blog

जय श्रीराम के जयघोष से गूंजा सीपत..

हिंदू नववर्ष पर निकली भव्य शोभायात्रा

बिलासपुर।हिंदू नववर्ष के आगमन पर सीपत क्षेत्र पूरी तरह भक्तिमय रंग में डूबा नजर आया। साम्राट विक्रमादित्य समिति के तत्वाधान में निकाली गई भव्य शोभायात्रा ने आस्था, उत्साह और सांस्कृतिक एकता का शानदार प्रदर्शन किया, जिसमें हजारों श्रद्धालु शामिल हुए। शोभायात्रा की शुरुआत हनुमान मंदिर बिटकुला से भगवान श्रीराम की विधिवत पूजा-अर्चना के साथ हुई। यात्रा जैसे ही आगे बढ़ी, “जय श्रीराम” के गगनभेदी नारों से पूरा वातावरण गुंजायमान हो उठा। यह यात्रा मड़ई, खम्हरिया, लुतरा, धनियां, खाड़ा, हिन्डाडीह और गुड़ी सहित विभित्र गांवों से गुजरते हुए सीपत पहुंची, जहां लोगों ने उत्साहपूर्वक स्वागत किया। पूरे मार्ग में जगह-जगह श्रद्धालुओं ने फूलों की वर्षा कर एवं आतिशबाजी के साथ शोभायात्रा का अभिनंदन किया। युवाओं में विशेष उत्साह देखने को मिला। सिर पर भगवा सेहरा बांधे श्रद्धालु अनुशासन और भक्ति के साथ शामिल हुए, जिससे आयोजन की भव्यता और भी बढ़ गई। शोभायात्रा में भगवा ध्वज, आकर्षक धार्मिक झांकियां, पारंपरिक वेशभूषा और भक्ति संगीत ने माहौल को आध्यात्मिक बना दिया। डीजे की धुन पर भक्तों ने जमकर नृत्य किया और पूरा क्षेत्र भगवा रंग में सराबोर नजर आया। यात्रा का समापन कौड़िया स्थित शैलेश्वर महादेव मंदिर में हुआ, जहां आरती, महाप्रसाद वितरण और जयकारों के साथ कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस आयोजन में भारी संख्या में श्रद्धालुओं की भागीदारी ने इसे ऐतिहासिक बना दिया। आयोजन समिति के अध्यक्ष वैभव तंबोली ने बताया कि इस शोभायात्रा का उद्देश्य समाज में धर्म और संस्कृति के प्रति जागरुकता बढ़ाना तथा एकता और भाईचारे का संदेश देना है। उन्होंने कहा कि इस तरह के आयोजन नई पीढ़ी को अपनी परंपराओं से जोड़ने का कार्य करते हैं और सामाजिक समरसता को मजबूत बनाते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *