खासियतः एएसी ब्रिक से बना है इमलीपारा कांप्लेक्स,जो पर्यावरण के अनुकूल और अग्निरोधक है

लाल की जगह 33 हजार एएसी ब्रिक का किया गया है उपयोग
ध्वनि इंसुलेशन,भूकंप रोधी और कम लागत है इसकी खासियत
बिलासपुर- पुराना बस स्टैंड जंक्शन के पास इमलीपारा रोड में भव्य और आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित इमलीपारा कांप्लेक्स बनकर तैयार है,जहां पर जल्द ही व्यापार और अन्य गतिविधियां आकार लेगी,पर इस कांप्लेक्स की खासियत कुछ और ही है। इस कांप्लेक्स के निर्माण में लाल ईंटों की जगह एएसी ब्रिक का इस्तेमाल किया गया है,जिसमें पर्यावरण अनुकूल, ध्वनिक इन्सुलेशन और भूकंप रोधी जैसी खूबियां हैं।
इमलीपारा कांप्लेक्स में एएसी ब्रिक याने ऑटोक्लेव्ड एरेटेड कंक्रीट ब्रिक जो सीमेंट, चूना, फ्लाई ऐश और एल्यूमीनियम पाउडर से बनता है,इसकी खासियत है कि यह पारंपरिक ईंटों की तुलना में लगभग एक-चौथाई से एक-तिहाई तक वज़नी होता है, जिससे इमारत पर कुल भार कम होता है और निर्माण लागत कम होती है। इसके अलावा यह एक उत्कृष्ट थर्मल और ध्वनिक इन्सुलेटर है, जो गर्मी और शोर को कम करता है साथ ही यह आग प्रतिरोधी है, जो आग फैलने के जोखिम को कम करता है। हल्के वज़न और उच्च शक्ति के कारण यह भूकंपीय भार का बेहतर ढंग से सामना कर सकता है। यह बाहर के तापमान को अंदर नहीं आने देता जिससे गर्मी के मौसम में काफी राहत मिलती है,इसके निर्माण में फ्लाई ऐश जैसी औद्योगिक अपशिष्ट के उपयोग होने से इसे और भी पर्यावरण अनुकूल बनाता है। लाल ईंटों की तुलना में इसकी लागत 25 प्रतिशत तक कम होती है। इमलीपारा कांप्लेक्स में कुल 33 हजार एएसी ब्रिक का उपयोग किया गया है।
*चौड़ी सड़क और कांप्लेक्स*
पुराना बस स्टैंड के पास इमलीपारा मार्ग का चौड़ीकरण,शहर की बहुप्रतिक्षित योजना थी। जिसे बिलासपुर स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा पूरा किया गया और सड़क किनारे एक सर्वसुविधायुक्त दो मंजिला कांप्लेक्स बनाया गया है। 10 करोड़ की लागत से सड़क और कांप्लेक्स बनाया गया है,जिसमें कांप्लेक्स में 64 दुकाने बनाई गई है।