Blog

जीजीयू तालाब में छात्र की संदिग्ध मौत पर एबीवीपी ने की उच्च स्तरीय जांच की मांग

रिटायर्ड जज, आईपीएस अधिकारी व अभिभावक प्रतिनिधि की समिति बनाने की मांग

हॉस्टल वार्डन और सुरक्षा अधिकारी को निलंबित करने की उठाई आवाज

प्रशासनिक भवन के सामने जमकर किया प्रदर्शन, प्रभारी वीसी को सौंपा ज्ञापन

बिलासपुर। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय (जीजीयू) में तालाब पर हुई छात्र की संदिग्ध मौत के मामले में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की है। गुरुवार को प्रशासनिक भवन के सामने प्रदर्शन करते हुए परिषद ने इस घटना को गंभीर बताते हुए रिटायर्ड जज, अभिभावक प्रतिनिधि, आईपीएस अधिकारी, भारत के गणमान्य नागरिक और छात्र प्रतिनिधि को शामिल कर विशेष जांच समिति गठित करने की मांग की है। साथ ही विंग वार्डन, चीफ वार्डन और सुरक्षा अधिकारी को तत्काल निलंबित करने की भी मांग की गई है। एबीवीपी जीजीयू इकाई अध्यक्ष तुषार साहू ने कहा कि हॉस्टल प्रशासन की घोर लापरवाही इस मौत का प्रमुख कारण है। अधिकारियों ने न तो अपनी ड्यूटी ईमानदारी से निभाई, न ही समय रहते छात्र के लापता होने की जानकारी पुलिस को दी या एफआईआर दर्ज कराई। यह उनकी संवेदनहीनता और गैरजिम्मेदारी को दर्शाता है।

00 दिखावटी व्यवस्थाओं के लिए गई छात्र की जान
एबीवीपी जीजीयू इकाई मंत्री प्रसून पाठक ने कहा कि विश्वविद्यालय प्रशासन की केवल दिखावटी व्यवस्थाओं के चलते एक मेधावी छात्र की जान गई है। छात्र और उसके परिवार को अब तक न्याय नहीं मिला है। पारदर्शी जांच हो और पीड़ित परिवार को न्याय एवं मुआवजा मिले। उपाध्यक्ष अविनाश ने कहा कि यह घटना विश्वविद्यालय की सुरक्षा और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न खड़ा करती है। विश्वविद्यालय परिसर में शव मिलना अत्यंत गंभीर विषय है, जिसकी निष्पक्ष जांच आवश्यक है।

00 प्रभारी कुलपति ने कार्रवाई के दिए आश्वासन
गुरु घासीदास सेंट्रल यूनिवर्सिटी के प्रशासनिक भवन के सामने छात्र दो घंटे तक प्रदर्शन करते रहे। कुलपति को बुलाने के लिए अड़े प्रबंधन ने कहा कि कुलपति विश्वविद्यालय में नहीं हैं। ऐसे में प्रभारी कुलपति प्रो. ए.के. सक्सेना ने ज्ञापन लेते हुए जांच व कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान विभाग संयोजक हेमांशु कौशिक, महानगर मंत्री अतिंद्र दीवान, आराध्य तिवारी, जितेंद्र साहू, शाश्वत शुक्ला, शानू वैष्णव, राहुल, मानसी, राशि, हिमांशु प्रधान, समीर, रश्मि, मोहित राय सहित एबीवीपी के कई कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *