जीवन की त्रि- बुद्धियाँ – एनएसएस इकाई ने कराया छात्रों का बौद्धिक, भावनात्मक एवं आध्यात्मिक जागरण

राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा व्याख्यान आयोजित
बिलासपुर – बैरिस्टर ठाकुर छेदीलाल कृषि महाविद्यालय एवं अनुसंधान केंद्र, बिलासपुर की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा आज दिनांक 16.06.2025 को बौद्धिक बुद्धि, भावनात्मक बुद्धि एवं आध्यात्मिक बुद्धि” विषय पर एक प्रेरणादायक व्याख्यान का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य वक्ता श्री गौर श्याम दास, प्रचारक एवं परामर्शदाता, द अक्षय पात्र फाउंडेशन, श्रील प्रभुपाद हरे कृष्णा मूवमेंट, भिलाई-रायपुर थे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता महाविद्यालय के अधिष्ठाता डॉ. एन.के. चौरे ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुई, जिससे वातावरण आध्यात्मिकता और सकारात्मक ऊर्जा से परिपूर्ण हो गया।

स्वागत भाषण में अधिष्ठाता डॉ. चौरे ने कहा कि आज के प्रतिस्पर्धात्मक युग में केवल बौद्धिक क्षमता नहीं, बल्कि भावनात्मक समझ और आध्यात्मिक दृष्टिकोण व्यक्तित्व निर्माण में समान रूप से महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने ऐसे कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के समग्र विकास के लिए अत्यंत आवश्यक बताया।
मुख्य वक्ता श्री गौर श्याम दास ने विषय पर विस्तार से चर्चा करते हुए कहा कि बुद्धि जीवन की समस्याओं को समझने और हल करने की क्षमता है। भावनात्मक बुद्धि हमारे संबंधों, संवेदनाओं और भावनात्मक प्रतिक्रियाओं को नियंत्रित करने की योग्यता है। जबकि आध्यात्मिक बुद्धि आत्मिक शांति, मूल्यबोध और जीवन के गहरे उद्देश्य की ओर हमारा मार्गदर्शन करता है।
उन्होंने कहा कि आज की शिक्षा प्रणाली में आध्यात्मिक बुद्धि की आवश्यकता अत्यधिक है, जिससे विद्यार्थी जीवन के प्रति समर्पण, सेवा और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित कर सकें।
श्री गौर श्याम दास ने अपने जीवन की प्रेरणादायक यात्रा भी साझा की। एक मेधावी इंजीनियरिंग छात्र के रूप में अपने करियर की शुरुआत करने के बाद उन्होंने वर्ष 2019 में स्वयं को पूर्णतः समाज सेवा को समर्पित कर हरे कृष्णा मूवमेंट से पूर्णकालिक मिशनरी के रूप में जुड़ने का निर्णय लिया।
वर्तमान में वे अक्षय पात्र फाउंडेशन, भिलाई शाखा में प्रचारक एवं परामर्शदाता के रूप में कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि यह फाउंडेशन केंद्र और राज्य सरकारों के सहयोग से देश भर के सरकारी विद्यालयों में लगभग 22.5 लाख बच्चों को प्रतिदिन निःशुल्क एवं पोषणयुक्त मध्याह्न भोजन उपलब्ध कराकर भूख मिटाने और शिक्षा को बढ़ावा देने का कार्य कर रहा है।
कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही। व्याख्यान के पश्चात प्रश्नोत्तर सत्र में विद्यार्थियों ने गहरी रुचि दिखाते हुए वक्ता से अनेक जिज्ञासाओं का समाधान प्राप्त किया।
कार्यक्रम का संचालन वैज्ञानिक वानिकी एवं एनएसएस कार्यक्रम अधिकारी अजीत विलियम्स द्वारा किया गया।