टेलीग्राम ऐप के जरिए 1.38 लाख की ऑनलाइन धोखाधड़ी
सिविल लाइन्स थाने में तीन आरोपियों पर FIR दर्ज
बिलासपुर एक युवती को टेलीग्राम ऐप के जरिए पार्ट-टाइम जॉब का झांसा देकर 1.38 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी का शिकार बना दिया गया। पीड़िता श्रद्धा तिवारी निवासी शुभम विहार मंगला ने इसकी लिखित शिकायत सिविल लाइन्स थाने में दर्ज कराई।पीड़िता ने बताया कि 9 सितंबर को उसके मोबाइल पर राहुल नामक व्यक्ति ने टेलीग्राम ऐप से मैसेज भेजा। पहले उसे होटल और रेस्टोरेंट की रिव्यू देने का काम ऑफर किया गया, जिसके एवज में 150 रुपये प्रति रिव्यू देने का लालच दिया गया। इसके बाद अधिक मुनाफे का प्रलोभन देकर आरोपी ने इन्वेस्टमेंट कराने को कहा।शुरुआत में उसे मामूली रकम वापस की गई, लेकिन बाद में जब उसने कुल 1.40 लाख रुपये जमा किए तो उसमें से केवल 2 हजार रुपये ही लौटाए गए। बाकी की 1.38 लाख की रकम आरोपी राहुल और उसके साथियों अर्चना और रोहन ने हड़प ली।शिकायत के आधार पर पुलिस ने BNS के तहत मामला दर्ज किया है।पुलिस अब आरोपियों की तलाश में जुट गई है और ऑनलाइन ट्रांजेक्शन की जांच साइबर सेल की मदद से की जा रही है।