डिपूपारा तालाब से युवक का शव बरामद

तीन दिन से लापता था,संदिग्ध हालात में मिली लाश
बिलासपुर । तारबाहर थाना क्षेत्र में सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब डिपूपारा तालाब में एक युवक का शव तैरता हुआ मिला। मृतक की पहचान तारबाहर निवासी मोहम्मद रिज़वान के रूप में हुई है, जो तीन दिन से लापता था। शव मिलने की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए और माहौल तनावपूर्ण हो गया।
दरअसल सुबह-सुबह स्थानीय लोगों ने तालाब में जलकुंभियों के बीच एक शव फंसा हुआ देखा और तुरंत पुलिस को सूचना दी। तारबाहर पुलिस पहुंची तो शव तक पहुँचना मुश्किल था, जिसके बाद एसडीआरएफ टीम को बुलाया गया। लगभग एक घंटे की मशक्कत के बाद शव बाहर निकाला गया और पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेजा गया। परिजन पहले ही उसकी गुमशुदगी दर्ज करा चुके थे, इसलिए शव की पहचान होते ही भीड़ और बढ़ गई। हालात को नियंत्रित करने में पुलिस को काफी मेहनत करनी पड़ी।
घटना के बाद सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे है क्योंकि इस इलाके में पहले भी ऐसी घटनाएँ सामने आ चुकी हैं। वहीं मृतक के परिवार ने मामले को संदिग्ध बताते हुए पुलिस से तेज और निष्पक्ष जांच की मांग की है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दो दिन पहले ही शिकायत हुई है और बुधवार को उसकी लाश मिली है।लेकिन फिर भी हर पहलू से जांच जारी है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पाएगा। फिलहाल पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले को संदिग्ध मानकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।