डिप्टी कलेक्टरों का कलेक्टर ने किया कार्य विभाजन, दो सब डिवीजन में नए एसडीएम
बिलासपुर जिले में कलेक्टर अवनीश शरण ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों के बीच कार्यविभाजन किया है।
बिलासपुर। प्रशासनिक दृष्टि से जिले में पदस्थ राज्य प्रशासनिक सेवा के अधिकारियों के प्रभार में कलेक्टर अवनीश शरण ने बदलाव किया है। इसमें बिलासपुर और तखतपुर सब डिवीजन को नए एसडीएम मिले हैं। बिलासपुर एसडीएम के पद पर पदस्थ पीयूष तिवारी अवकाश पर थे। अवकाश से आने के बाद उन्हें डिप्टी कलेक्टर जिला कार्यालय बिलासपुर बनाया गया है। उनकी जगह कलेक्ट्रेट में संयुक्त कलेक्टर के पद पर पदस्थ मनीष साहू को उनके वर्तमान कर्तव्यों के साथ साथ बिलासपुर एसडीएम का भी प्रभार दिया गया है। उनके पास पूर्व की तरह डीएमएफ , भू अर्जन, भू आबंटन, भू अभिलेख, का प्रभार यथावत रहेगा।
तखतपुर एसडीएम डॉक्टर ज्योति पटेल को अपर कलेक्टर जिला कार्यालय बिलासपुर के पद पर पदस्थ किया गया है। अपर कलेक्टर के पद पर पदोन्नति के बाद भी वह तखतपुर में कार्य कर रही थी। अब उन्हें जिला मुख्यालय बुलाया गया है। तखतपुर में डिप्टी कलेक्टर शिव कुमार कंवर को एसडीएम बनाया गया है। अपने वर्तमान कार्यों के साथ-साथ वे अनुविभागीय अधिकारी राजस्व तखतपुर का प्रभार संभालेंगे।