तखतपुर के मुख्य बाजार में विवाद, ज्वैलर्स दुकान पर हंगामा
देर रात मारपीट और जान से मारने की धमकी का आरोप
बिलासपुर।तखतपुर के मुख्य बाजार क्षेत्र में स्थित रमेश ज्वैलर्स के सामने उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब दो बाइक सवारों के बीच भिड़ंत हो गई। घटना के दौरान ज्वैलर्स दुकान के संचालक अपनी गाड़ी उठाने पहुंचे थे। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते विवाद में बदल गई। हालांकि उस समय आसपास मौजूद लोगों ने बीच-बचाव कर मामला शांत करा दिया।लेकिन मामला यहीं नहीं थमा। बताया जा रहा है कि करीब दो से तीन घंटे बाद तीन से चार युवक कथित तौर पर शराब के नशे में दुकान पर पहुंचे। आरोप है कि इन युवकों ने दुकान में मौजूद युवराज सोनी के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। अचानक हुई इस घटना से बाजार में हड़कंप मच गया।स्थानीय लोगों ने एक बार फिर हस्तक्षेप कर किसी तरह विवाद को शांत कराया। आरोप है कि जाते-जाते हमलावरों ने युवराज सोनी को जान से मारने की धमकी भी दी। घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने पुलिस में शिकायत की तैयारी की है। फिलहाल पूरे मामले को लेकर क्षेत्र में तनाव का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।