तखतपुर के सामने रोड जाम, शासकीय कामकाज घंटों बाधित.
बिना सूचना विरोध प्रदर्शन, पुलिस ने बीएनएस की धाराओं में अपराध किया दर्ज
बिलासपुर।तखतपुर थाना परिसर के ठीक सामने उस समय अफरा-तफरी का माहौल बन गया, जब अमृतदास डहरिया, सज्जन कुर्रे, आशीष टंडन, विनय कौशल, मुकेश बंजारे, रूपेश डहरिया और उनके 10–15 साथियों ने अचानक सार्वजनिक रोड पर बैठकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया। बिना किसी पूर्व सूचना के किए गए इस प्रदर्शन से न केवल आम जन का आवागमन बाधित हुआ, बल्कि थाना आने-जाने वाले पुलिसकर्मियों का रास्ता भी पूरी तरह अवरुद्ध हो गया। समझाइश के बावजूद जब प्रदर्शनकारी नहीं हटे, तब पुलिस ने मामले की जानकारी विभाग के बड़े अधिकारियों को दी…
दरअसल 14 नवंबर की शाम करीब 4 बजे शुरू हुए इस अचानक धरने का असर पूरे क्षेत्र के यातायात पर पड़ा। सार्वजनिक मार्ग पर बैठे प्रदर्शनकारियों के कारण सब्जी मार्केट, गोंडवाना भवन और थाना तक पहुंचने वाले लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। थाना स्टाफ ने बार-बार समझाने की कोशिश की, लेकिन विरोध जताने वाले लोग जमे रहे। आरोप है कि प्रदर्शन के दौरान उन्होंने नारेबाज़ी करते हुए शासकीय कार्य में जानबूझकर बाधा उत्पन्न की, जिससे थाने की नियमित कार्रवाई भी प्रभावित हुई। बिना सुचना के प्रदर्शन किया था प्रदर्शनकारियों की इस हरकत से थाना का मुख्य द्वार तक अवरुद्ध हो गया था, जिससे आवश्यक सरकारी कार्रवाई करने में बाधा आई। मामला गंभीर पाते हुए अमृतदास डहरिया सहित सभी नामजद और अज्ञात 10–15 व्यक्तियों के विरुद्ध बीएनएस की विभिन्न धाराओं तहत अपराध दर्ज किया और आगे की कार्रवाई मे जुट गई है।