तिफरा काली मन्दिर में नवरात्रि का महासैलाब,आस्था का महाकुंभ बना बिलासपुर

..
जगमग-जगमग ज्योत जलत हे काली माई के मंदिर मा…
चैत्र नवरात्र के पहले दिन मां काली के जयकारों से गूंजा बिलासपुर शहर…
बिलासपुर । तिफरा स्थित मां काली मंदिर की पहचान सिर्फ़ प्रदेश में ही नहीं बल्कि पूरे देश में है। चैत्र नवरात्रि के आज पहले दिन में यहां भक्तों की आस्था और श्रद्धा का ऐसा दृश्य देखने को मिलता है, जो मन को झकझोर देता है। यहां हर दिन हजारों श्रद्धालु मां के दर्शन के लिए पहुंच रहे हैं।
दरअसल तिफरा स्थित काली मंदिर को प्रदेश और देश के प्रमुख धार्मिक स्थलों में गिना जाता है।इस मंदिर की अपनी अलग ही प्रतिष्ठा है।नवरात्रि के चलते इन दिनों यहां श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ पड़ा है।हर दिन हजारों की संख्या में लोग दूर-दराज़ से मां काली के दर्शन करने पहुंच रहे हैं।मंदिर परिसर में प्रवेश करते ही वातावरण श्रद्धा और भक्ति से सराबोर हो जाता है।ढोल-नगाड़ों की आवाज़, घंटियों की गूंज और जय माता दी के नारों के बीच भक्त मां काली के दर्शन करते हैं।मुख्य पुजारी उदासीन महराज के अनुसार, इस वर्ष भी मंदिर में आस्था का माहौल चरम पर है।उन्होंने बताया कि हर साल की तरह इस बार भी करीब 3600 ज्योति कलश जलाए जा रहे हैं।भक्त अपने-अपने कलश लेकर माता के चरणों में अर्पित कर रहे हैं।बिलासपुर शहर के साथ-साथ आस-पास के जिलों और दूसरे राज्यों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं।त्यौहार के अवसर पर यहां का माहौल ऐसा होता है मानो कोई आस्था का महाकुंभ लगा हो।लोग अपने परिवार, बच्चों और रिश्तेदारों के साथ माता के दर्शन कर रहे हैंश्रद्धालुओं ने भी अपने अनुभव साझा किए।कई लोगों ने बताया कि यहां आने से उन्हें अद्भुत शांति और आत्मिक शक्ति मिलती है।उनका मानना है कि मां काली उनकी मनोकामनाएं पूरी करती हैं।कई श्रद्धालु तो लगातार कईवर्षों से नवरात्रि में यहां दर्शन करने आते हैं।तिफरा स्थित मां काली मंदिर आज हजारों-लाखों भक्तों की आस्था का प्रतीक बन चुका है।नवरात्रि के दिनों में यहां भीड़ इतनी अधिक रहती है कि रात 9–10 बजे तक भी मंदिर परिसर में चहल-पहल बनी रहती है।मंदिर के भीतर और बाहर स्वयंसेवकों और पुलिस की टीम भक्तों की सुरक्षा और व्यवस्था संभालने में लगी रहती है।तिफरा स्थित मां काली मंदिर आज बिलासपुर जिले की धार्मिक पहचान बन चुका है।नवरात्रि में यहां श्रद्धालुओं का जो आस्था और विश्वास देखने को मिलता है, वह पूरे देश में इस मंदिर की अनोखी पहचान स्थापित करता है।यहां आने वाला हर भक्त एक अद्भुत ऊर्जा, शांति और संतोष का अनुभव करता है।