तिफरा में मनरेगा बचाओ संग्राम व धान खरीदी को लेकर कांग्रेस का धरना एवं सांकेतिक चक्काजाम

बिलासपुर।छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी के आह्वान पर मनरेगा बचाओ संग्राम के तहत ब्लॉक कांग्रेस कमेटी तिफरा के अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू के नेतृत्व में एकदिवसीय धरना प्रदर्शन किया गया साथ ही प्रदेश में धान खरीदी की समय सीमा बढ़ाये जाने की माँग को लेकर रायपुर – बिलासपुर मुख्य मार्ग पर सांकेतिक चक्काजाम कर तहसीलदार को राष्ट्रपति एवं राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंप कर मनरेगा में किए गए बदलाव को तत्काल वापस लेने, न्यूनतम दैनिक वेतन 400 रुपये करने तथा प्रदेश में किसानों की सुविधा व संपूर्ण धान की खरीदी को लेकर समय सीमा बढ़ाए जाने की मांग की ! धरना में मुख्य रूप से उपस्थित जिला कांग्रेस कमेटी बिलासपुर ग्रामीण के अध्यक्ष महेंद्र गंगोत्री ने कहा की केंद्र सरकार मनरेगा कानून का नाम व स्वरूप बदलकर योजना को पूरी तरह से कमजोर कर ग्रामीणों से रोजगार की गारंटी छीन रही है

जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था पर बुरा असर पड़ेगा ! ब्लॉक अध्यक्ष लक्ष्मीनाथ साहू ने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार किसानों के साथ वादा खिलाफी कर रही है चुनावी घोषणा के अनुरूप ना तो किसानों की पूरी धान खरीदी जा रही और नाही उन्हें एकमुश्त भुगतान किया जा रहा है कभी पंजीयन कभी टोकन तो कभी समय सीमा के नाम पर किसानों को केवल परेशान किया जा रहा है !
जिले के दिग्गज नेताओं का रहा जमावड़ा
एक दिवसीय धरना प्रदर्शन और सांकेतिक चक्काजाम में जिले के दिग्गज नेताओं का जमावड़ा बना रहा ।जिन्होने केंद्र और राज्य सरकार को जमकर कोसा,कांग्रेसियों ने कहा कि केंद्र और राज्य की सरकार मिलकर आमजनों के साथ खिलवाड़ कर रहे है।जिसके कारण लोग काफी परेशान है।केंद्र ने जिस तरह से मनरेगा का नाम बदलें जाने की कोशिश की है और प्रदेश में धान खरीदी में गड़बड़ी हो रही है उससे किसानों को काफी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है।