तिलक नगर का जर्जर सुलभ बना परेशानी का कारण,लोगों में बनी नाराज़गी

सार्वजनिक शौचालय खंडहर में तब्दील
मजबूर लोग खुले में जाने को विवश
बिलासपुर । तिलक नगर में एक सार्वजनिक शौचालय लोगों की परेशानी का बड़ा कारण बन गया है। सुलभ की हालत इतनी जर्जर हो चुकी है कि लोग इसका इस्तेमाल करने से डर रहे हैं। टूटे दरवाज़े, खराब दीवारें और गंदगी के बीच यह शौचालय अब सिर्फ नाम का ढांचा बनकर रह गया है।हालात यह हैं कि इस जर्जर सुलभ पर हर दिन असामाजिक तत्वों का डेरा लगा रहता है। आसपास काम करने वाले लोग, खासकर श्रमिक और दुकानों के कर्मचारी, मजबूरी में पास ही स्थित अस्पताल के पीछे खुले में शौच करने जाते हैं। इससे इलाके में गंदगी फैलती है और बीमारी का खतरा लगातार बढ़ रहा है। डेंगू, हैजा और संक्रमण जैसी गंभीर बीमारियाँ फैलने की आशंका बनी हुई है।स्थानीय लोगों का कहना है कि यह शौचालय कई महीनों से खंडहर की तरह पड़ा है, लेकिन निगम ने अब तक इसकी सुध नहीं ली। इलाके में रोज़ाना सैकड़ों लोग गुजरते हैं, ऐसे में खुले में शौच की स्थिति बेहद शर्मनाक और असुविधाजनक बन गई है। क्षेत्र के रहवासियों और दुकानदारों ने नाराज़गी जताते हुए बताया कि इस शौचालय की मरम्मत बेहद ज़रूरी है। उनका कहना है कि अगर शौचालय जल्द ठीक नहीं किया गया तो बीमारी फैलने का बड़ा खतरा बन जाएगा। तिलक नगर का जर्जर शौचालय लोगों के स्वास्थ्य और स्वच्छता दोनों के लिए खतरा बन चुका है। स्थानीयों ने मांग की है कि निगम तुरंत कार्रवाई करे और शौचालय को उपयोग लायक बनाकर लोगों को राहत दे।
*जर्जर शौचालय से बदहाल हालात,डेंगू और संक्रमण का खतरा बढ़ा*
तिलक नगर स्थित शौचालय में गंदगी और बदबू की वजह से कभी भी कोई बीमार हो सकता है।इसके साथ ही संक्रमण का खतरा बना हुआ है।बावजूद इसके निगम के अधिकारी और सफाई कर्मी इस तरफ बिल्कुल ध्यान नहींदेते है।जिसके कारण दिनों दिन हालत और ज्यादा खराब होती जा रही है।
वर्जन
नगर निगम सफाई करने में जुटी हुई है।जल्द ही वहां पर भी सफाई होगी
खजांची कुम्हार
उपायुक्त नगर निगम