तेज रफ्तार ट्रक ने GGU प्रोफेसर दंपति की कार को मारी टक्कर,बड़ा हादसा टला-सरकंडा में लापरवाही से ड्राइविंग का केस दर्ज

बिलासपुर। सरकंडा क्षेत्र में दोपहर एक तेज रफ्तार ट्रक की लापरवाही ने बड़ा हादसा होते-होते टाल दिया। गुरु घासीदास केंद्रीय विश्वविद्यालय के दो वरिष्ठ प्रोफेसरों की कार को पीछे से जोरदार टक्कर मार दी गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का पिछला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन गनीमत रही कि कार में सवार पति-पत्नी सुरक्षित बच गए।
जानकारी के अनुसार, फ्रेंड्स रेसिडेंसी निवासी प्रोफेसर अमित सक्सेना, जो विश्वविद्यालय के कंप्यूटर साइंस विभाग में पदस्थ हैं, सोमवार दोपहर करीब डेढ़ बजे अपनी पत्नी अनुपमा सक्सेना के साथ यूनिवर्सिटी से घर लौट रहे थे। अनुपमा सक्सेना राजनीति शास्त्र विभाग की विभागाध्यक्ष हैं। जैसे ही उनकी कार सरकंडा स्थित गुप्ता डेयरी के पास पहुंची, पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने लापरवाहीपूर्वक वाहन चलाते हुए उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर के बाद कार की डिक्की, बंपर और दाहिनी ओर का दरवाजा बुरी तरह दब गया। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए और स्थिति का जायजा लिया। हालांकि राहत की बात यह रही कि दोनों प्रोफेसर सुरक्षित रहे और उन्हें किसी प्रकार की गंभीर चोट नहीं आई।
घटना के बाद प्रोफेसर दंपति ने सरकंडा थाने पहुंचकर मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपित ट्रक चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है।