तैबा चौक में गर्भवती महिला की संदिग्ध हालात में मौत….मोहल्ले वालों ने गंभीर अपराध छुपाए जाने का लगाया आरोप

सिविल लाइन थाना में की शिकायत
बिलासपुर। सिविल लाइन थाना क्षेत्र के तालापारा तैबा चौक क्षेत्र से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है।मोहल्ले के निवासियों ने एक महिला की हत्या कर उसकी मौत को छुपाने और गंभीर अपराध को दबाने का आरोप लगाया है। मोहल्लेवासियों ने एक लिखित आवेदन सिविल लाइन थाना को सौंपते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
मोहल्लेवासियों ने सिविल लाइन थाना में दी गई जानकारी के अनुसार,तालापारा तैबा चौक स्थित मस्जिद फैजान गरीब नवाज के पास रहने वाला बशीर नाम का व्यक्ति अपनी पत्नी और तीन भाइयों के साथ तालापारा चौक में मुरादाबादी शमा बिरयानी नामक होटल का संचालन करता है।
मामला उस वक्त गंभीर हो गया जब 11 जुलाई को बशीर का अपनी गर्भवती पत्नी के साथ विवाद हुआ। मोहल्लेवालों का आरोप है कि बशीर ने उसी रात अपनी पत्नी के साथ मारपीट की, जिससे उसकी तबीयत बिगड़ गई। अगले दिन सुबह 12 जुलाई को अपनी पत्नी को इलाज के लिए स्थानीय अस्पताल ले गया।उसके बाद एक ऑटो में बैठाकर प्राइवेट हॉस्पिटल ले जाया गया। जहां उसके मोबाइल नंबर से किसी व्यक्ति ने जानकारी दी कि उसका इलाज करने से मना कर दिया गया है।इसके बाद आनन फानन में पत्नी को लेकर अपोलो के निकल गया।तब तक उसकी पत्नी की मौत हो गई।
मोहल्लेवासियों का आरोप है कि बशीर सरकारी अस्पताल न ले जाकर बिना किसी को बताए सीधे अपनी पत्नी को लेकर उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद स्थित गांव रवाना हो गया। मोहल्ले वालों का यह भी कहना है कि इस पूरे मामले में न तो पुलिस को जानकारी दी गई और न ही किसी तरह की एफआईआर दर्ज हुई। मृतका की पहचान एक चार माह की गर्भवती महिला के रूप में हुई है, जो जाते समय अपने सात साल की बच्ची को घर में छोड़ गई थी।मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस पूरे मामले में जानबूझकर अपराध को छुपाने का प्रयास किया गया है। उन्होंने पुलिस से मांग की है कि इस गंभीर आपराधिक प्रकरण की निष्पक्ष जांच हो और दोषियों पर कठोर कार्रवाई की जाए।
मोहल्लेवासियों ने की पुलिस से जांच की मांग
शिकायत में मोहल्ले के लोगों ने स्पष्ट किया है और मोहल्लेवासियों ने एक स्वर में मांग की है कि मामले की तह तक जाकर न्याय सुनिश्चित किया जाए।ताकि अगर इसमें कोई दोषी है तो उसे सजा मिलनी चाहिए।
तैबा चौक के कई मुस्लिम परिवार पहुंचे थाना,की शिकायत
तैबा चौक के कई मुस्लिम परिवार ने इसकी शिकायत करना उचित समझा और इसलिए इसकी लिखित शिकायत की,मोहल्लेवासियों का कहना है कि चूंकि मामला काफी संदिग्ध है।जिसमें जांच होना चाहिए इसलिए शंका के आधार पर आवेदन दिया गया है।अगर मामले में वाकई
सच्चाई है तो दोषियों को सजा मिलनी चाहिए।
वर्जन
तैबा चौक में रहने वाले मुस्लिम परिवार की घटना है।जिसमें मोहल्लेवासियों के आरोप लगाया है कि बशीर की पत्नी की मौत संदिग्ध है।जिसकी जांच बारीकी से की जाए।इसके लिए उसे तलब किया गया है गांव से आयेगा तो उससे पूछताछ शुरू की जाएगी।
एसआर साहू
टीआई सिविल लाइन थाना