तोरवा थाना क्षेत्र में मारपीट और जातिगत गाली-गलौज का आरोप
पीड़ित ने सरोज यादव व सहयोगी पर जानलेवा धमकी देने का लगाया आरोप
बिलासपुर ।तोरवा थाना क्षेत्र में दवा लेने गए युवक के साथ मारपीट, जातिगत गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी का मामला सामने आया है। पीड़ित रामानंद टंडन ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह जानकी मेडिकल से दवा लेकर लौट रहा था, तभी सरोज यादव ने रास्ते में रोककर मां-बहन की गालियां दीं और गुरु घासीदास से जुड़े बैनर-पोस्टर को लेकर अपमानजनक टिप्पणी की।पीड़ित के अनुसार लालखदान निवासी सरोज यादव और सोनू यादव ने मिलकर उस पर बांस के डंडे से हमला किया। आरोप है कि इस दौरान जातिवादी गालियां दी गईं और फोन पर एक अन्य व्यक्ति को कॉल कर गोली मारने और हत्या करने की धमकी भी दी गई। घटना लाल खदान क्षेत्र की बताई जा रही है, जहां आरोपी के खिलाफ पहले से शिकायतें दर्ज होने का दावा किया गया है।शिकायतकर्ताओं ने बताया कि सरोज यादव आए दिन पंचायत और लालखदान, महमंद के चौक-चौराहों पर गाली-गलौज और मारपीट करता है, जिससे क्षेत्र में दहशत का माहौल है। आरोप है कि पूर्व में भी जूता-चप्पल से मारपीट और अन्य विवादों में उसका नाम सामने आ चुका है, जिसके चलते लोग गवाही देने से डरते हैं।वहीं, आरोपी के भाई का कहना है कि सरोज यादव आदतन बदमाश है और पहले भी कई झगड़ों में शामिल रहा है। तोरवा पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पीड़ित और ग्रामीणों ने आरोपी पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है, अन्यथा आंदोलन की चेतावनी दी है।