दिसंबर की खुशियों संग शुरू हुआ क्रिसमस सीज़न
चर्च ऑफ़ क्राइस्ट में शैली सिस्टर कार्यक्रम, 22 जोड़ियां बनीं
बिलासपुर ।दिसंबर माह की शुरुआत के साथ ही मसीही समुदाय में हर्ष और उल्लास का माहौल दिखाई देने लगा है। प्रभु यीशु मसीह के जन्मोत्सव की तैयारी में चर्चों में विशेष कार्यक्रम आयोजित होने लगे हैं। इसी क्रम में चर्च ऑफ़ क्राइस्ट सीएमडी चौक में निर्वाचित प्राचीन समूह एवं पास्टर सुदेश पॉल के नेतृत्व में प्रतिवर्ष की तरह इस वर्ष भी शैली सिस्टर कार्यक्रम उत्साहपूर्वक मनाया गया, जिसमें महिलाओं की 22 जोड़ियां बनाईं गईं। सभी प्रतिभागियों ने अपनी-अपनी शैली सिस्टर को आकर्षक उपहार देकर स्वागत, सम्मान और आपसी प्रेम का संदेश दिया।कार्यक्रम की शुरुआत शनिवार को सरिता पॉल की प्रार्थना से हुई। संचालन एंजेलिना पॉल ने किया। इस दौरान यीशु मसीह के जन्म, जीवन शैली, उनके आश्चर्यकर्मों और प्रचार कार्य के विषय में चर्चा की गई। बैतलहम में जन्म, नासरत में पालन-पोषण तथा यहूदिया, सामरिया और गलील में सेवाकार्य के संदर्भ में मसीही विश्वास और क्रिसमस के महत्व पर प्रकाश डाला गया।शैली सिस्टर कार्यक्रम में महिलाओं ने एक-दूसरे को उपहारों का आदान-प्रदान कर स्नेह और भाईचारे का भाव प्रकट किया। बुजुर्ग महिलाओं का पुष्पगुच्छ से स्वागत किया गया और चरनस्पर्श कर आशीर्वाद प्राप्त किया गया। सभी बहनों ने यह संकल्प लिया कि यह प्रेम, संगति और मैत्री यूं ही वर्षभर बनी रहे। कार्यक्रम में डांस, ड्रामा, पहेलियां, प्रश्नोत्तरी और अंताक्षरी जैसे मनोरंजक गतिविधियों का भी आयोजन किया गया, जिसने कार्यक्रम में उत्साह और आनंद बढ़ा दिया।पास्टर सुदेश पॉल ने इस अवसर पर कहा कि क्रिसमस उपहार और प्रेम बांटने का पर्व है। जैसे परमेश्वर पिता ने संसार को प्रभु यीशु मसीह रूपी अनमोल उपहार दिया, उसी भाव को जीवित रखने के लिए शैली सिस्टर कार्यक्रम प्रेम और संगति का प्रतीक है। आज से ही चर्च में क्रिसमस की तैयारियां औपचारिक रूप से प्रारंभ हो चुकी हैं।वहीं उपस्थित सिस्टर्स ने कहा कि यह कार्यक्रम महिलाओं को प्रोत्साहित करने और आत्मीयता बढ़ाने का माध्यम है, जिसमें वे पूरे वर्ष की जीवन जिम्मेदारियों के बीच स्वयं के लिए समय निकाल खुशी साझा करती हैं।