Blog

देवेंद्र बोले,हमारा उद्देश्य प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना, मतदाताओ के अधिकारों से छेड़छाड़ हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी

बिलासपुर।आनन-फानन में एसआईआर लागू किया गया है,वह मिलीभगत को दर्शाता है। बिना प्रशिक्षण के प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास विरोधाभासी है।उक्त बाते भिलाई विधायक और जिले के प्रभारी देवेंद्र यादव ने मीडिया से कही।

कांग्रेस भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में एआईसीसी सचिव एवं एसआईआर निगरानी समिति के लोकसभा प्रभारी देवेन्द्र यादव ने स्पष्ट किया कि पार्टी स्तर पर प्रत्येक बूथ पर नजर रखी जाएगी। उन्होंने कहा एसआईआर की हर गतिविधि पर कांग्रेस की नज़र रहेगी। बूथ स्तरीय अधिकारियों  के पीछे बूथ स्तरीय एजेंट रहेंगे। हमारा उद्देश्य प्रक्रिया को निष्पक्ष और पारदर्शी बनाना है। यदि मतदाता अधिकारों से छेड़छाड़ हुई तो कांग्रेस सड़कों पर उतरेगी।
कांग्रेस ने निर्वाचन आयोग से यह भी मांग की है कि मतदाता सूची सुधार और नामांकन के लिए दस्तावेज़ जमा करने की समयसीमा एक माह से बढ़ाकर तीन माह की जाए, ताकि अधिक नागरिक इस प्रक्रिया में भाग ले सकें।

*राजनीतिक आरोप और जवाब*

कांग्रेस का आरोप है कि भाजपा सरकार मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया को राजनीतिक लाभ के लिए प्रभावित करने की कोशिश कर रही है। कांग्रेस का कहना है कि कई क्षेत्रों में मतदाताओं के नामों को बिना कारण सूची से हटाया जा रहा है।

*कांग्रेस का तीन दिवसीय आंदोलन*

देवेंद्र यादव ने बताया कि जिला कांग्रेस कमेटी आगामी दिनों में कई मुद्दों पर धरना-प्रदर्शन करेगी। 14 नवंबर को जोनल महाप्रबंधक कार्यालय का घेराव कर ट्रेन हादसे को लेकर ज्ञापन सौंपा जाएगा। 16 नवंबर को शहर की जर्जर सड़कों को लेकर विरोध प्रदर्शन होगा, जबकि 17 नवंबर को गुरु घासीदास विश्वविद्यालय में छात्र की मौत के मामले पर कांग्रेस और एनएसयूआई संयुक्त धरना देंगे।

*आनन-फानन में एसआईआर लागू किया गया*

विधायक देवेंद्र यादव ने बताया कि जिस तरह आनन-फानन में एसआईआर लागू किया गया है,वह मिलीभगत को दर्शाता है। बिना प्रशिक्षण के प्रक्रिया पूरी करने का प्रयास विरोधाभासी है। उन्होंने कार्यकर्ताओं और वरिष्ठ नेताओं को इस पूरी प्रक्रिया पर गंभीर निगरानी रखने के निर्देश दिए।

*एसआईआर निगरानी अभियान शुरू करने की घोषणा*

छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया राजनीतिक बहस का केंद्र बन गई है। जैसे-जैसे मतदाता सूची के अद्यतन और सुधार की कार्रवाई आगे बढ़ रही है, वैसे-वैसे कांग्रेस और भाजपा के बीच आरोप-प्रत्यारोप भी तेज़ होते जा रहे हैं। कांग्रेस ने अब बिलासपुर से इस मुद्दे पर मोर्चा खोलते हुए एसआईआर निगरानी अभियान शुरू करने की घोषणा की है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *