दो आरक्षकों की गतिविधि संदिग्ध पाकर एसएसपी ने किया सस्पेंड,
कोटा एसडीओपी को जांच के दिए निर्देश
बिलासपुर। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने रतनपुर थाने में पदस्थ दो आरक्षकों को सस्पेंड कर दिया है। दोनों की गतिविधि संदिग्ध थी। यही कारण है कि एसडीओपी को जांच करने के निर्देश दिए है
मिली जानकारी के अनुसार रतनपुर थाने में पदस्थ आरक्षक संजय खाण्डे और सुदर्शन मरकाम 26 अगस्त को बिना थाना प्रभारी को जानकारी दिए सादी वर्दी में ग्राम सिल्ली मोड़, कुमजती गांव गए थे। वहां उन्होंने शराब रेड की कार्रवाई की और अवैध शराब पकड़ा भी लेकिन मौके पर किसी भी प्रकार की वैधानिक कार्यवाही नहीं किया और मामला छोड़कर वापस लौट गए।इसी बीच एसएसपी को खबर मिली कि दोनों आरक्षकों ने लेनदेन करके मामला को रफादफा कर दिया है। इसकी जानकारी विभाग के बड़े अधिकारियों को भी हो गई। इसके बाद वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह ने इस पूरे प्रकरण को प्रथम दृष्टया संदेहास्पद और अनुशासनहीन माना। इसी आधार पर दोनों आरक्षकों को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है। निलंबन की अवधि में दोनों को नियमों के अनुसार वेतन और भत्ते देय रहेंगे।एसएसपी ने जारी आदेश में स्पष्ट किया गया है कि इस तरह की लापरवाही पुलिस विभाग की छवि को धूमिल करती है। उन्होंने पुलिस अनुविभागीय अधिकारी, कोटा को मामले की प्रारंभिक जांच सौंपी है। एसडीओपी को निर्देश दिया गया है कि वह पूरे घटनाक्रम का परीक्षण कर आवश्यक दस्तावेजों के साथ विस्तृत प्रतिवेदन सात दिनों के भीतर प्रस्तुत करें। पुलिस विभाग के भीतर अनुशासन और पारदर्शिता बनाए रखने के उद्देश्य से यह कठोर कदम उठाया गया है।