दो बहने नाम बदलकर कर रही थी गांजा का कारोबार,बिलासपुर पुलिस की दबिश में दो बहनें गिरफ्तार

गांजा और गाड़ियों समेत लाखों की संपत्ति जब्त
बिलासपुर। शहर में नशे के कारोबार पर बड़ा वार करते हुए बिलासपुर पुलिस ने सरकंडा क्षेत्र में कार्रवाई कर गांजा बेचने वाली दो महिलाओं को गिरफ्तार किया है। दोनों आरोपी आपस में बहनें हैं और पहचान छिपाने के लिए अलग-अलग नामों से शहर के अलग-अलग इलाकों में नशे का कारोबार चला रही थीं।
पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि पाटलीपुत्र नगर और राजकिशोर नगर क्षेत्र में दो महिलाएं जिनका नाम
मानकी केंवट उर्फ विनिता जोशी, उम्र 30 वर्ष, निवासी जयराम नगर मस्तूरी, हाल मु. पाटलीपुत्र नगर सरकंडा और सुदामा केंवट उर्फ रानी यादव, उम्र 40 वर्ष, निवासी जयराम नगर मस्तूरी, हाल मु. पाटलीपुत्र नगर सरकंडा गांजा बिक्री में सक्रिय हैं। सूचना मिलते ही एसीसीयू और सरकंडा पुलिस की संयुक्त टीम ने घेराबंदी कर दबिश दी। मौके पर दोनों महिलाएं कार और स्कूटी में गांजा रखकर बिक्री करते हुए पकड़ी गईं।
तलाशी के दौरान पुलिस ने उनके कब्जे से अलग-अलग पैकेट में कुल 6 किलो गांजा बरामद किया। इसके साथ ही 5 लाख 98 हजार 30 रुपये नकद, 2 घड़ियां, 2 मोबाइल फोन, 2 स्कूटी और एक कार जब्त की गई। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब 15 लाख 78 हजार 30 रुपये आंकी गई है।
पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी बहनें गांजा बिक्री से होने वाली कमाई का इस्तेमाल वाहन खरीदने और नेटवर्क फैलाने में कर रही थीं। स्कूटी का उपयोग परिवहन और सप्लाई के लिए किया जाता था, जबकि कार का इस्तेमाल बड़े स्तर पर मूवमेंट के लिए किया जा रहा था।
पूछताछ में यह भी स्पष्ट हुआ कि दोनों आरोपी पहले से ही मादक पदार्थ से जुड़े मामलों में शामिल रही हैं। यानी यह कोई पहली बार की कार्रवाई नहीं, बल्कि पहले से सक्रिय नेटवर्क पर की गई सीधी चोट है।
पुलिस ने दोनों आरोपी महिलाओं को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश कर दिया है और अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं। साफ संकेत है कि शहर में नशे के कारोबार पर अब लगातार और सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।