Blog

दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर,एक की मौत, दूसरा गंभीर

सीपत में दर्दनाक सड़क हादसा

बिलासपुर । सीपत थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम खम्हरिया आईटीआई के पास शनिवार शाम करीब 6 बजे एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार दो बाइकों की आमने-सामने भिड़ंत में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार ग्राम ऊनी निवासी राजकुमार मौवार पिता अर्जुन मौवार उम्र 50 वर्ष और रामकुमार मौवार पिता पहारु सिंह उम्र 45 वर्ष हीरो डीलक्स बाइक क्रमांक सीजी 11 एएन 0593 से किसी काम से खम्हरिया आए हुए थे। काम निपटाकर दोनों जब वापस ग्राम ऊनी लौट रहे थे, तभी खम्हरिया आईटीआई के सामने ऊनी की ओर से आ रही तेज रफ्तार हीरो स्प्लेंडर बाइक क्रमांक सीजी 10 बीएफ 1135 से उनकी आमने-सामने टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर के बाद स्प्लेंडर बाइक सवार युवक बाइक को घटनास्थल पर छोड़कर मौके से फरार हो गए। आसपास के ग्रामीणों की मदद से घायल राजकुमार और रामकुमार को तत्काल बिलासपुर स्थित सिम्स
अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने राजकुमार मौवार को मृत घोषित कर दिया। वहीं रामकुमार मौवार की हालत नाजुक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है। सूचना मिलते ही सीपत पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों बाइकों को जब्त कर लिया। पुलिस फरार बाइक सवारों की तलाश में जुट गई है तथा मामले की जांच की जा रही है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *