दो युवकों का हथियारों संग तांडव,ऑटो स्टैंड बना दहशत का अड्डा
दो धारदार हथियार समेत आरोपी गिरफ्तार, दोनों पर आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज
बिलासपुर । महाराणा प्रताप चौक ऑटो स्टैंड में दो युवक अपने हाथों में धारदार हथियार लहराते हुए लोगों को डराने लगे। राहगीरों में दहशत फैल गई। सूचना मिलते ही सिविल लाइन पुलिस हरकत में आई और दोनों युवकों को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया
सिविल लाइन पुलिस को सूचना मिली कि दो युवक धारदार हथियारों के साथ ऑटो स्टैंड में लोगों को डरा रहे हैं। इस पर सिविल लाइन थाना की टीम गश्त में निकली और तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। दोनों युवक ऑटो में छिपने की कोशिश कर रहे थे, लेकिन पुलिस ने उन्हें दबोच लिया।पहले आरोपी की पहचान साहिल बघेल उर्फ लुटू के रूप में हुई है, जो जरहाभाठा इलाके का निवासी है। उसके पास से एक लोहे का नारियल छिलने वाला धारदार हथियार बरामद हुआ, जिसकी लंबाई 16 इंच है। दूसरे आरोपी विकास टंडन उर्फ विक्की के पास से साढ़े 18 इंच का लोहे का चाकू जब्त किया गया है।पुलिस ने दोनों आरोपियों से हथियार रखने के वैध दस्तावेज मांगे, लेकिन उनके पास कुछ नहीं था। गवाहों की मौजूदगी में दोनों हथियार जब्त कर लिए गए और आर्म्स एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज कर ली गई है।