खेल उत्सव की जीत का जश्न – लमना विलेज स्टे में पत्रकारों का अनोखा सेलिब्रेशन

ग्रामीण संस्कृति के संग झूमे पत्रकार – गौरा गौरी और सुआ नृत्य ने बाँधा समां
पत्रकार साथी का जन्मदिन बना खास – पारंपरिक भोजन और लोकनृत्य से हुआ यादगार
गौरेला पेंड्रा मरवाही
राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर जिला प्रशासन द्वारा आयोजित सद्भावना क्रिकेट मैच में उपविजेता बनने के बाद जिला पत्रकारों ने अपने उत्साह और खुशी को साझा करने के लिए लमना विलेज स्टे में विशेष सांस्कृतिक सेलिब्रेशन मनाया।
पारंपरिक माहौल में ग्रामीण समिति के सहयोग से पत्रकारों ने मोहलाईन पान के पत्तल में परोसे गए उड़द दाल के बड़े, दाल-चावल, रोटी, सब्जी, पापड़, सलाद और अचार का स्वाद लिया। भोजन के बाद मंच सजा छत्तीसगढ़ की समृद्ध लोकसंस्कृति से—जहाँ गौरा-गौरी और सुआ नृत्य ने सभी का मन मोह लिया। पत्रकार भी ग्रामीण कलाकारों के साथ ताल से ताल मिलाकर झूम उठे।

इस अवसर को और खास बना दिया पत्रकार साथी दया सुनील सिंह परिहार के जन्मदिन ने। ग्रामीण समिति ने विशेष सत्कार और सांस्कृतिक कार्यक्रम के साथ उन्हें शुभकामनाएँ दीं, जिससे उनका जन्मदिन अविस्मरणीय बन गया।

गौरतलब है कि लमना विलेज स्टे, गौरेला विकासखंड के अंतर्गत पेंड्रा से 40 किलोमीटर दूर बस्ती बगरा ग्राम में स्थित है। बारों गाँव के नाम से प्रसिद्ध इस अंचल में बने चार कमरों वाले इस विलेज स्टे को जिला प्रशासन ने पर्यटन और स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देने के उद्देश्य से तैयार कराया है।
ग्राम समिति यहाँ आगंतुकों के स्वागत के साथ-साथ ग्रामीणों को रोजगार से भी जोड़ रही है। गोबर और छूही माटी से लीपे आँगन और सादगी भरा वातावरण हर किसी को आकर्षित करता है।
इस अनूठे आयोजन ने न सिर्फ पत्रकारों के बीच आपसी जुड़ाव को गहरा किया बल्कि ग्रामीण संस्कृति और पर्यटन की खूबसूरती को भी उजागर किया।