धान खरीदी को लेकर सदन में घमासान, गृह मंत्री विजय शर्मा ने विपक्ष के आरोपों पर दिया बयान
रायपुर।विधानसभा के शीतकालीन सत्र के दूसरे दिन धान खरीदी व्यवस्था को लेकर सदन में जमकर बहस हुई। विपक्ष ने धान खरीदी में अव्यवस्थाओं और किसानों को हो रही परेशानी का मुद्दा उठाया, जिस पर गृह मंत्री विजय शर्मा ने कड़ा पलटवार किया। उन्होंने कहा कि राज्य की सोसायटियों में इंटीग्रेटेड पोर्टल के माध्यम से धान खरीदी की प्रक्रिया सुचारू रूप से चल रही है।
गृह मंत्री ने बताया कि पोर्टल पर कैरीफॉरवर्ड की प्रक्रिया पूरी हो रही है, रकबा संशोधन किया जा रहा है और एग्रीस्टेक के पंजीयन का काम भी लगभग पूरा हो चुका है। उन्होंने टोकन कटने को लेकर उठ रहे सवालों पर स्पष्ट किया कि व्यवस्था के तहत 70 प्रतिशत टोकन ऑनलाइन और 30 प्रतिशत टोकन ऑफलाइन काटे जा रहे हैं।
विजय शर्मा ने कहा कि यदि किसी गांव में ऑनलाइन टोकन 70 प्रतिशत है, तो वहां किसी न किसी किसान का टोकन जरूर कट रहा है और धान की बिक्री हो रही है। उन्होंने विपक्ष के आरोपों को निराधार बताते हुए कहा कि किसी भी सोसायटी में धान खरीदी बंद नहीं है और सरकार किसानों के हित में पूरी गंभीरता से काम कर रही है।