धान खरीदी पर संकट,उच्चभटठी के किसान परेशान….

लिमिट बनी रोड़ा, 67 किसानों का टोकन अब तक अटका..
किसानों की चेतावनी-लिमिट नहीं बढ़ी तो होगा आंदोलन…
कलेक्टर बोले-योजना बनाकर होगा समाधान….
बिलासपुर । तखतपुर विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उच्चभटठी, भाड़ी और निपनिया के किसान इन दिनों गंभीर परेशानी से जूझ रहे हैं। सेवा सहकारी समिति मर्यादित उच्चभटठी, पैक्स क्रमांक 2621 के अंतर्गत संचालित धान खरीदी केंद्र की लिमिट कम होने के कारण किसानों को अपनी उपज बेचने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। धान खरीदी की समय-सीमा नजदीक आने के बावजूद बड़ी संख्या में किसान अब तक धान नहीं बेच पाए हैं।
दरअसल ग्रामीण किसानों का कहना है कि लिमिट कम होने के कारण टोकन नहीं कट पा रहे हैं। इससे रोजाना सैकड़ों किसान खरीदी केंद्र पहुंच रहे हैं, लेकिन निराश होकर वापस लौटना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि उच्चभटठी धान खरीदी केंद्र में कुल 67 किसान पंजीकृत हैं, जिनका अब तक एक भी टोकन जारी नहीं हो पाया है। टोकन नहीं मिलने से किसानों में गहरी चिंता और नाराजगी देखी जा रही है।किसानों ने बताया कि धान खरीदी केंद्र में रोज भारी भीड़ लग रही है। दूर-दराज के गांवों से किसान सुबह-सुबह केंद्र पहुंचते हैं, लेकिन लिमिट पूरी होने की बात कहकर उन्हें लौटा दिया जाता है। इससे किसानों का समय और मेहनत तो बर्बाद हो ही रही है, साथ ही खेतों और घरों में रखा धान खराब होने का खतरा भी बढ़ता जा रहा है।ग्रामीणों का कहना है कि यदि जल्द ही धान खरीदी केंद्र की लिमिट नहीं बढ़ाई गई, तो कई किसान समय पर धान नहीं बेच पाएंगे और उन्हें भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। किसानों ने प्रशासन से मांग की है कि सेवा सहकारी समिति मर्यादित उच्चभटठी के धान खरीदी केंद्र की लिमिट तत्काल बढ़ाई जाए, ताकि सभी पंजीकृत किसान समय पर अपनी धान की बिक्री कर सकें और समर्थन मूल्य का पूरा लाभ ले सकें।
अब देखना होगा कि प्रशासन किसानों की इस गंभीर समस्या का समाधान कितनी तेजी से करता है। फिलहाल किसान प्रशासन की ओर उम्मीद भरी नजरों से देख रहे हैं।
वर्जन
किसी भी किसान को परेशानी न हो, इसके लिए योजना बनाकर कार्य किया जाएगा।
संजय अग्रवाल
कलेक्टर बिलासपुर