स्कूली बच्चों से भरी बस को कार ने मारी टक्कर, बड़ा हादसा टला
बोदरी-चकरभाठा मार्ग पर लापरवाही से चल रही कार से हुआ हादसा, चालक घायल
बिलासपुर।नेशनल हाईवे बिलासपुर-रायपुर मार्ग के बोदरी-चकरभाठा रोड पर शुक्रवार को बड़ा हादसा टल गया, जब स्कूली बच्चों से भरी बस को तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। हादसे के वक्त बस में नर्सरी से कक्षा दूसरी तक के छोटे बच्चे सवार थे। राहत की बात रही कि सभी बच्चे सुरक्षित हैं, जबकि बस चालक घायल हो गया।जानकारी के अनुसार, ग्राम रहंगी निवासी चालक एलसीआईटी स्कूल कॉलेज, चिचिरदा रोड बोदरी की बस क्रमांक सीजी 10 बीजे 8591 चला रहे थे। बस बच्चों को हाईकोर्ट कॉलोनी, चकरभाठा और बोदरी छोड़ने जा रही थी। जैसे ही बस स्टूडेंट कॉर्नर के सामने मेन रोड पर पहुंची, सामने से आ रही काले रंग की क्रेटा कार क्रमांक सीजी 04 एनयू 6300 ने ड्राइवर साइड में जोरदार टक्कर मार दी।टक्कर इतनी तेज थी कि बस का सामने का बंपर, दरवाजा और मडगार्ड क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में बस चालक को पसली, दाहिने पैर और कमर में चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत सहायता पहुंचाई और स्थिति को संभाला।घटना के बाद चकरभाठा पुलिस ने चालक की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि कार चालक की लापरवाही की जांच की जा रही है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।