Blog

नकाबपोश युवक ने घर घुसकर महिला पर हमला व लूट का किया प्रयास

हिम्मत दिखा आरोपी से भिड़ी महिला

बिलासपुर। कोटा के बेलगहना चौकी क्षेत्र अंतर्गत आमागोहन गांव में सोमवार रात एक महिला पर घर में घुसकर हमला करने और लूट की कोशिश का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हमलावर फरसानुमा हथियार लेकर घर में घुसा और महिला के साथ मारपीट कर गले की सोने की चेन लूटने का प्रयास किया, हालांकि महिला के विरोध के चलते आरोपी मौके से फरार हो गया।

पीड़िता कल्पना तिवारी ने पुलिस को बताया कि 6 अप्रैल की सुबह उनके पति राकेश तिवारी और बेटा सात्विक तिवारी बिलासपुर गए हुए थे। रात करीब 8 बजे वह घर के आंगन में नौकर सुखीराम यादव के साथ बैठी थीं। इसी दौरान बाहर किसी वाहन के दरवाजा बंद होने की आवाज सुनाई दी। इसके बाद वह घर के अंदर चली गईं और डायनिंग रूम में काम करने लगीं। तभी आंगन में किसी के आने की आहट महसूस हुई।

मुंह पर रूमाल बांधकर सामने आया आरोपी-

जब कल्पना तिवारी बाहर देखने निकलीं तो दीवार के पीछे एक परछाई दिखाई दी। उन्होंने कौन है कहकर आवाज लगाई, तभी अचानक एक व्यक्ति सामने आ गया, जिसने अपने मुंह पर रूमाल बांध रखा था और हाथ में फरसा जैसा हथियार था। आरोपी ने तुरंत महिला का मुंह दबा दिया और बाल पकड़कर हमला कर दिया।

हिम्मत दिखाकर किया मुकाबला, हमलावर भागा-

घबराने के बावजूद महिला ने साहस दिखाते हुए हमलावर से हाथापाई की। इसी दौरान आरोपी के हाथ से फरसा गिर गया और छीना-झपटी में महिला के माथे, सिर, हाथ और पैर में चोटें आईं। हाथापाई के दौरान आरोपी ने महिला के गले की सोने की चेन खींच ली, जिससे वह टूटकर गिर गई। महिला के विरोध और शोर के कारण आरोपी घबरा गया और फरसा उठाकर दरवाजे की ओर से भाग निकला। पीड़िता के अनुसार हमलावर रूमाल बांधे था, गोरा, दुबला-पतला और उसकी उम्र करीब 50-60 वर्ष के बीच थी। घटना के तुरंत बाद महिला ने फोन पर अपने पति को पूरी जानकारी दी। इसके बाद मामले की शिकायत बेलगहना चौकी में दर्ज कराई गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *