हाईटेक बस स्टैंड से उजाड़े गए दुकानदारों को पुनः बसाने की गुहार

रोजी रोटी पर आ गई संकट
बिलासपुर । तिफरा हाईटेक बस स्टैंड के पास वर्षों से फुटपाथ और नाली के किनारे व्यवसाय कर रहे छोटे दुकानदारों को नगर निगम द्वारा हटाए जाने के बाद अब वे अपने परिवार के भरण-पोषण के लिए संघर्ष कर रहे हैं।
तिफरा नए बस स्टैंड में दुकान लगाकर घर चलाने वाली गौरी ने एक आवेदन पत्र के माध्यम से प्रशासन से फिर से व्यवसाय करने के लिए जगह देने की मांग की है। उन्होंने बताया कि उनके पति महेश सहित 12–15 लोग तिफरा बिलासपुर में रहते हैं और पिछले कई वर्षों से सड़क किनारे एक छोटी सी दुकान चलाकर अपनी आजीविका चला रहे थे। नगर निगम द्वारा सड़क, फुटपाथ और नाली की सफाई और अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के दौरान इनकी दुकानें तोड़ दी गईं। जिससे इन गरीब परिवारों की रोजी-रोटी पर संकट आ गया है।उन्होंने बताया कि आर्थिक स्थिति का हवाला देते हुए बस स्टैंड के भीतर ही किसी छोटी सी जगह पर दुकान लगाने की अनुमति देने की मांग की है, जिससे वह दोबारा से अपना व्यवसाय शुरू कर सके। उन्होंने प्रशासन से अनुरोध किया है कि उनके जैसे छोटे दुकानदारों को एक बार फिर से व्यापार शुरू करने का अवसर दिया जाए, जिससे वे सम्मानपूर्वक अपने परिवार का पालन-पोषण कर सकें। प्रशासन से इस संवेदनशील मामले पर जल्द से जल्द निर्णय लिए जाने की अपेक्षा जताई जा रही है।